कार्यक्षेत्र में राजभाषा अपनाने का आह्वान
जागरण संवाददाता, राउरकेला:
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 29 वींबैठक सेक्टर-20 स्थित राउरकेला क्लब में हुई। बुधवार को हुई इस बैठक में कार्यक्षेत्र में राजभाषा हिन्दी का अधिकाधिक प्रयोग करने पर जोर दिया।
इस बैठक में मुख्य अतिथि आरएसपी के सीईओ तथा समिति के अध्यक्ष जीएस प्रसाद ने कहा कि संपर्क भाषा के तौर पर हिन्दी काफी सरल भाषा है। उन्होंने कहा कि हिन्दी को काफी समय पहले ही राजभाषा घोषित किया गया है, लेकिन इसका वांछित परिणाम अभी तक नहीं मिला है। उन्होंने हिन्दी भाषा में दूसरी भाषाओं से भी लोकप्रिय शब्दों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति राजभाषा हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देने के प्रति कटिबद्ध है। ईडी, कार्मिक व प्रशासन मानवेंद्र मिश्र शहर में बोलचाल की भाषा में हिन्दी काफी परिचित है। हालांकि राजभाषा के तौर पर इसका अधिकाधिक प्रयोग करने को लेकर और भी काम करने की जरूरत है। इस अवसर पर गृह मंत्रालय, भारत सरकार के शोध अधिकारी एनके दुबे ने राजभाषा के कार्यान्वयन से संबंधित सरकारी निर्देश पर विस्तार से जानकारी दी। प्रारंभ में महाप्रबंधक, नगर प्रशासन व शहर सेवा सह समिति के सदस्य सचिव पी.के प्रधान ने स्वागत भाषण दिया। इस बैठक में केंद्रीय विद्यालय सेक्टर-6 व बंडामुंडा, एलआइसी, सेक्टर-19, फैरो स्क्रैप निगम लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने भी विचार रखे।