जेल से कैदी भगाने आए छह लोग गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, झारसुगुड़ा : जिले के उपकारागार में बंद एक अपराधी को छुड़ाने के लिए शुक्रवार को पूर्
जागरण संवाददाता, झारसुगुड़ा :
जिले के उपकारागार में बंद एक अपराधी को छुड़ाने के लिए शुक्रवार को पूर्वाह्न एक महिला समेत छह से अधिक लोगों ने जेल कर्मचारियों को पिस्तौल व अन्य घातक हथियार दिखाकर भयभीत कर दिया। जेल कर्मचारियों ने तत्काल झारसुगुडा पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जेल के समक्ष खड़े सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही इनके पास से एक कार व बाइक भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार होने वालों में मंटू घोष, शेख रमजान, मो. इस्माइल, विक्रम राजवंशी, सुरेंद्र मिश्रा समेत जेल में सजा काट रहे अपराधी सोनू घोष की पत्नी प्रिया घोष भी शामिल है। गिरफ्तार सभी लोगों से पूछताछ के बाद उनका कोर्ट चालान कर दिया गया। यह जानकारी एसडीपीओ विजय कुमार नंद ने दी। पुलिस ने बताया कि लोगों में शेख रमजान एक आदतन अपराधी है। इसके खिलाफ कई अपराधी मामले झारसुगुड़ा व ब्रजराजनगर में दर्ज है।
जिला उपकारागार की अधीक्षक उर्मिला ¨मज ने बताया कि ब्रजराजनगर का रहने वाला अपराधी सोनू घोष उपकारागार में विचारधीन कैदी के रूप में बंद है। गत 24 तारीख को जेल में कैदियों ने अव्यवस्था को लेकर आवाज उठाई थी। इस दौरान आपस में विवाद हो गया था। इसके बाद सोनू घोष ने 40 कैदियों को लेकर आमरण अनशन शुरू कर दिया। जेल अधिकारियों ने उसे समझाने का प्रयास किया तब सोनू को छोड़कर सभी लोग अनशन से उठ गए। इससे नाराज सोनू ने जेल में अपनी हार का बदला लेने अपनी पत्नी व गुंडे को बुलाकर जेल कर्मचारियों को सबक सिखाना चाहा था। गुरुवार को उसने जेल अधीक्षक से अदालत में हाजरी के समय अपने परिजनों से मिलने का अनुरोध किया था। इस पर जेलर ने कहा कि अनशन तोड़ने के बाद ही वह ऐसा कर सकता है। इस पर गुस्साए सोनू ने जेल कर्मचारियों को धमकी देने के साथ जेल में छिपाए अपने मोबाइल से पत्नी को गुंडे लेकर आने को कहा। इसी के बाद उसकी पत्नी व गुंडे जेल में आक्रमण की योजना बनाकर घटना को अंजाम दिया।