प्रशासन प्रायोजित थी सीएम की सभा : गोस्वामी
संवाद सूत्र, बहरागोड़ा : बहरागोड़ा में गत मंगलवार को आयोजित झामुमो की सभा प्रशासन द्वारा प्रायोजित थी।
संवाद सूत्र, बहरागोड़ा : बहरागोड़ा में गत मंगलवार को आयोजित झामुमो की सभा प्रशासन द्वारा प्रायोजित थी। पार्टी कार्यालय से सटाकर सरकारी कार्यक्रम का मंच बनाया गया। धोती-साड़ी-कंबल बांटने के नाम पर ग्रामीणों की भीड़ जुटाई गई थी। यह बात भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कही। वे बुधवार को बहरागोड़ा मंडल कार्यालय में मीडिया को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सहिया आंगनबाड़ी सेविकाओं, स्वास्थ्यकर्मियों, पंचायत सचिवों, राशन डीलरों व जनसेवकों को भीड़ लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया जो भाजपा सरकार की देन है। डॉ. गोस्वामी ने कहा कि भाजपा के बढ़ते जनाधार एवं पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिल रहे अभूतपूर्व जनसमर्थन को देखकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन घबरा गए हैं। पत्रकार सम्मेलन में मुखिया परमेश्वर हेम्ब्रम भी उपस्थित थे।
इससे पूर्व डॉ. गोस्वामी ने पूर्वाचल के रांगुनिया एवं पश्चिम बहरागोड़ा के मुटूरखाम पंचायत के बारपनडाही गांव का दौरा कर बैठकों को संबोधित किया। बैठक को भाजपा के बड़शोल मंडल अध्यक्ष विभाष दास, चित्तरंजन देहुरी, मति लाल सिंह, मुखिया परमेश्वर हेम्ब्रम, लुगू मुर्मू सहित कई लोगों ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि केंद्र के साथ-साथ राज्य में एक ही दल की स्थायी सरकार होना समय की मांग है।