कृष्ण ने तोड़ा इंद्र का गुरूर
जागरण संवाददाता, ब्रजराजनगर :
स्थानीय विक्रम टाकिज परिसर में गत बुधवार से जारी श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह के पांचवें दिन रविवार को श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भरपूर लुत्फ उठाया। 12 वर्ष की अल्पायु में व्यासपीठ पर विराजमान होने वाले श्रीधाम वृंदावन से पधारे पंडित संजीव कृष्ण ठाकुरजी महाराज की सरस व आकर्षक वाणी में भागवत कथा का श्रवण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
ग्वाल बालों के साथ नन्हे कृष्ण द्वारा की गई माखन चोरी के वृत्तांत ने महिलाओं को भाव-विभोर कर दिया। यमुना में कालिया नाग के मर्दन के बाद क्रोधित देवराज इंद्र द्वारा की गई भारी वर्षा करने के उपरांत गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर उठाकर गोकुलवासियों की रक्षा करने का प्रसंग भी काफी मनोरम रहा। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के वेश में एक बालक द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाने की जीवंत झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। कथा के दौरान ठाकुरजी द्वारा गाए गए भजनों पर श्रद्धालुओं ने दिल खोलकर पूरे उत्साह से भाव विभोर होकर नृत्य किया।