ज्ञान की कमी ही दुख का कारण : ठाकुरजी
जागरण संवाददाता, ब्रजराजनगर : मनुष्य में ज्ञान की कमी ही उसके दुखों का सबसे बड़ा कारण है। इसलिये मनुष्य को सर्वदा ज्ञान प्राप्ति का उपाय करना चाहिए और भागवत कथा का श्रवण भी इन उपायों में से एक है। यह बात श्रीधाम वृंदावन से आए कथावाचक पं. संजीव कृष्ण ठाकुरजी महाराज ने कही। वे बुधवार को स्व. बृजला गोयल के परिवार के तत्वावधान में स्थानीय विक्रम टाकिज परिसर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का शुभारंभ होने के बाद कथा सुना रहे थे। कथा का रसपान करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ जुटी, जिनमें महिलाओं की संख्या काफी अधिक रही।
सत्य की महिमा का बखान करते हुए महाराज ने कहा कि सत्य बोलना एवं सत्य पर चलना अत्यंत ही कठिन कार्य है, तथापि जो सत्य के मार्ग पर चलते हैं अंतत: भगवान को उनका साथ देना पड़ता है। बुधवार की शाम की कथा में स्थानीय विधायक राधारानी पंडा, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पुजारी, गोविंद अग्रवाल, नगरपाल नंद किशोर अग्रवाल, तथा व्यापारी संघ अध्यक्ष बाबूलाल रुंगटा आदि ने पुष्पमाल्य पहनाकर महाराज का स्वागत किया।