महिलाओं ने थाना घेरा
जागरण संवाददाता, झारसुगुड़ा : कुछ दिन पहले एक महिला ने कोलाबीरा पुलिस स्टेशन में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में दो भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी। पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया मगर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। इस पर पीडि़ता का साथ देते हुए महिला संगठन दिशा ने बुधवार को कोलाबीरा थाने का घेराव किया।
जानकारी के अनुसार झारसुगुड़ा जिले के रघुनाथपाली गांव के सदानंद प्रधान व सुकांति प्रधान नामक महिला के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ था। गत 26 जून को सदानंद के भाई सनातन ने सुकांति के साथ मारपीट की, जिसमें सुकांति को गंभीर चोट आयी थी और उसे बुर्ला मेडिकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। सुकांति जब स्वस्थ होकर अपने घर लौटी तो पुन: 14 जुलाई को उसे जान से मारने की धमकी दी गई। तब सुकांति ने सदानंद व सनातन, दोनों भाइयों के खिलाफ कोलाबीरा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी। बुधवार को महिला संगठन दिशा की अध्यक्ष पदमिनी सिंह, प्रमिला मलिक, रेणु देवी, यज्ञासनी मिश्रा व कुसुम सिंह सहित अन्य सदस्याएं पीडि़ता सकुांति प्रधान के साथ कोलाबीरा थाना पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करने लगीं। यह देखकर पुलिस हरकत में आई और रघुनाथपाली गांव से सदानंद को गिरफ्तार कर लिया। वही सदानंद का भाई सनातन फरार हो गया। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सनातन को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।