बीजद की गुंडागर्दी के खिलाफ भाजयुमो का प्रदर्शन, गिरफ्तार, रिहा
पेट्रोल एवं डीजल दर वृद्धि के प्रतिवाद में सोमवार को बीजद के राज्य
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : पेट्रोल एवं डीजल दर वृद्धि के प्रतिवाद में सोमवार को बीजद के राज्य बंद के दौरान हुई हिंसा के विरोध में मंगलवार को भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से सूबे के सभी जिला एसपी कार्यालयों के समक्ष प्रदर्शन किया गया। भुवनेश्वर में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मास्टर कैंटीन चौक में सत्तारूढ़ बीजद के खिलाफ प्रदर्शन किया। कटक में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। यहां सैकड़ों की संख्या में पहुंचे भाजपाइयों ने एसपी के दफ्तर में घुसने का प्रयास किया। इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। बाद में सभी को छोड़ दिया गया। इससे पूर्व भाजपा युवा मोर्चा के राज्य संयोजक सिंकदर अली, नगर भाजपाध्यक्ष लक्ष्मीधर प्रधान, महिला मोर्चा की अध्यक्ष कल्पना पटनायक के नेतृत्व में सैकड़ों भाजयुमो कार्यकर्ता रैली के रूप में एसपी कार्यालय पहुंचे और यहां प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने सीधे तौर पर राज्य सरकार व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर हमला बोला। कहा राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। शासक दल पुलिस को अपनी अंगुली पर नचाते हुए राज्य में गुंडाराज चला रहा है। सोमवार को बंद के दौरान हुई ¨हसा की भी भाजपा नेताओं ने निंदा की। कहा कि सत्तारूढ़ बीजद बाज नहीं आया तो आनेवाले दिनों में भाजुयमो राज्य भर में आंदोलन तेज करेगा। सभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसपी दफ्तार के अंदर घुसने का प्रयास किया, जिसे लेकर पुलिस व भाजपाइयों के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया, बाद में सभी को छोड़ दिया गया।