जयंती पर याद किए गए नेताजी
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : राजधानी भुवनेश्वर समेत सूबे के अन्य जिलों में भी नेताजी सुभाष चंद
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर :
राजधानी भुवनेश्वर समेत सूबे के अन्य जिलों में भी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाई गई। भुवनेश्वर रसूलगड़ चौक पर स्थापित नेताजी की मूर्ति पर दलगत भावनाओं से ऊपर उठकर विभिन्न पार्टियों के साथ संगठन एवं स्कूल के बच्चों ने माल्यार्पण किया। नेताजी के अलावा सोमवार को वीर सुरेंद्र साय की जयंती होने के कारण मंचेश्वर में मौजूद उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण करते हुए उनके पद चिन्हों पर चलने का संकल्प लिया गया।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी के साथ ही ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के सदस्य सुबह रसूलगड़ चौक पहुंचे और नेताजी अमर रहे का नारा लगाते हुए माल्यार्पण किए। इस अवसर पर मंचेश्वर वनवासी कल्याण आश्रम के बच्चे भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के व्यवस्था प्रमुख मनसुख लाल सेठिया, वनवासी कल्याण आश्रम के मंत्री वीरेंद्र बेताला, स्वयं सेवक संघ के संपर्क प्रमुख, अमित जेना, प्रफुल्ल भाई व संदीप भाई के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ झारपड़ा शाखा के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। संघ की ओर से मेरा रंग दे बंसती चोला..गीत का सामूहिक गान किया गया। संघ के कार्यकर्ताओं ने सामूहिक प्रार्थना के कार्यक्रम सम्पन्न किया। इस अवसर पर वीरेंद्र बेताला ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने स्वतंत्रा संग्राम एवं भारत की आजादी में जो योगदान दिया है, उसे याद करते हुए जातिगत, दलगत भावनाओं से ऊपर उठकर देश की अखंडता व अक्षुण्णता तथा विकास के लिए प्रयास करते रहना चाहिए। बच्चों में देश भक्ति की भावना बचपन से आए, इन्हें अपने वीर सपूतों की जानकारी हो इस उद्देश्य से वनवासी कल्याण आश्रम के 100 से अधिक बच्चों को लेकर नेताजी के संदर्भ जानकारी दी गई। वहीं समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रवि बेहेरा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रसाद हरिचंदन, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुर राउतराय, स्थानीय पार्षद प्रताप राउतराय व भाजपा के उपाध्यक्ष समीर महांती के साथ ही अन्य लोग भी उपस्थित थे।