अब बलभद्र के तालध्वज रथ में गड़बड़ी सामने आई
महाप्रभु श्री जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा की उल्टी गिनती शुरू ह
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : महाप्रभु श्री जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। बावजूद इसके एक के बाद एक अघटन ने मंदिर प्रशासन से लेकर भक्तों तक को हैरान कर रखा है। दो दिन बाद महाप्रभु श्री जगन्नाथ रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन देते हुए अपनी मौसी के घर जाने वाले हैं। ऐसे में महाप्रभु को ले जाने के लिए अक्षय तृतीया से रथों के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। लगभग सभी रथों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इस बीच पिछले दो दिन में देवी सुभद्रा के देवदलन रथ एवं बलभद्र के तालध्वज रथ में समस्या देखी गई। बुधवार को देवी सुभद्रा के देवदलन रथ का अख (धुरा) टूट गया था तो गुरुवार को बलभद्र के तालध्वज रथ के पीछे मौजूद चारीनाहाक में गड़बड़ी पायी गई। चारीनाहाक की लकड़ी अधिक कट जाने से उसमें क्लांप लगाया गया था। उस पर किसी का ध्यान न जाए। इसके लिए जो दरार थी उसमें लकड़ी का बुरादा लगाकर बंद कर देने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही मंदिर प्रशासन इसे संज्ञान में लेकर छानबीन में जुटा है। मंदिर प्रशासन का मानना है कि समय के अंदर सब कुछ ठीक हो जाएगा। देवी सुभद्रा के देवदलन रथ के चक्का का धुरा टूट जाने से इसे लोहे के क्लांप से जोड़ा गया है। बताया जाता है कि धुरा की जगह पुन: नया धुरा लगाया जाएगा। यहां उल्लेखनीय है कि विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा को देखने के लिए राज्य एवं राज्य के बाहर से भक्त पुरी पहुंचने लगे हैं।