भीषण बारिश से कालाहांडी में राहत, मलकानगिरी में त्राहि-त्राहि
वहीं दूसरी ओर कालाहांडी में बाढ़ की स्थिति में सुधार होने की सूचना है। यहां बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाई जा रही है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। राज्य में जारी भीषण बारिश से कुछ जिलों में आई बाढ़ से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार बारिश से राजधानी के लोगों का जीना दूभर है। राजधानी के हर गली-मोहल्ले में सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है। कामगारों का रोजगार छिन गया है तो सरकार ने स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। मालकानगिरी में कालीमेला-मोटू मार्ग पानी में डूब गया है।
इस मार्ग पर मौजूद पुलिया के 5 फीट ऊपर बारिश का पानी बह रहा है। इस इलाके के लोग पूरी तरह से जलबंदी बन गए हैं। वहीं दूसरी ओर कालाहांडी में बाढ़ की स्थिति में सुधार होने की सूचना है। यहां बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाई जा रही है। नवरंगपुर-धनसुली ब्रिज से तीन फीट ऊपर पानी बह रहा है। इससे कालाहांडी-नवरंगपुर के बीच आवागमन कट गया है। कल्याण सिंहपुर में दो एवं रायगढ़ा में 10 कुल मिलाकर 12 जगहों पर अस्थाई रसोई केंद्र खोलकर लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। निचले हिस्से के लोगों को राहत शिविर में रखा गया है तो कई जगहों पर लोग ऊंचे स्थानों पर शरण लिए हुए हैं।
सीआरपीएफ, एनडीआरएफ की तीन टीम एवं ओड्राफ की दो यूनिट राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं। दमकल विभाग तथा ओडिशा पुलिस के जवानों को भी राहत व बचाव कार्य के लिए नियोजित किया गया है। विशेष रिलीफ कमिश्नर विष्णुपद सेठी के अनुसार प्रशासन की तरफ से बाढ़ में फंसे लोगों को बाहर निकालने एवं उनकेपास राहत सामग्री पहुंचाने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। कालाहांडी में बाढ़ की स्थिति में सुधार हो रहा है। बाढ़ से प्रभावित लोगों को पका हुआ खाद्य दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: ओडिशा में भारी बारिश से कई इलाके जलमग्न