फिलीपींस: मछुआरों को मिला 34 किलो वाला दुनिया का सबसे बड़ा मोती
फिलीपींस में मछुआरों को को 34 किलो वजन वाला एक ऐसा मोती मिला है जिसे दुनिया का सबसे बड़ा मोती कहा जा रहा है।
मनीला (एपी )। फिलीपींस में 34 किलो का मोती मिला है। यह मोती पश्चिमी पलावन द्वीप के समीप मछुआरों को मिला। यह दुनिया का संभवत: सबसे बड़ा मोती है। इससे पहले नौ और 24.75 किलो के मोती मिल चुके हैं।
प्यूर्टो प्रिंसेसा शहर की पर्यटन अधिकारी ऐलीन अमुरो ने गुरुवार को बताया कि मछुआरों ने उन्हें विशाल मोती दिया था। मोती 2.2 फीट लंबा और एक फुट चौड़ा है। ऐलीन की मछुआरा परिवार से रिश्तेदारी है। उनके मुताबिक परिवार दूसरी जगह जा रहा था। ऐसे में मोती को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें सौंप दिया गया था।
पढ़ें- यहां मोतियों के पेड़ से मोती बटोरने आते हैं लोग
इसके आकार को देखकर उन्होंने इंटरनेट पर इसकी जांच-पड़ताल की। ऐलीन को तब अहसास हुआ कि यह दुनिया का सबसे बड़ा मोती हो सकता है। उन्होंने बताया कि मछुआरा, उनके पिता और भाई मछली पकड़ रहे थे तभी तूफान आ गया। तूफान से बचने के लिए वे लोग रीफ पर जा रहे थे। उसी दौरान यह लंगर में फंस गया था। परिवार ने मोती को शहर के मेयर को सौंपने का फैसला किया है। सरकार इस परिवार को सम्मानित करेगी। मछुआरा परिवार का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।