खुद को अच्छे से पेश करने का मौका देता है वाट्सएप
साथियों से करीबी बढ़ाते हैं वाट्सएप के ग्रुप..
यरुशलम, प्रेट्र। वाट्सएप के ग्रुप किशोरों को अपने विचार ज्यादा अच्छे से रखने का मौका दे रहे हैं। अपने साथियों से रिश्ता बनाने के मामले में यह कक्षाओं से ज्यादा कारगर हैं। एक नए अध्ययन में यह बात सामने आई है।
दुनियाभर में वाट्सएप तेजी से बढ़ता मैसेंजर एप है। बड़े पैमाने पर लोग एक-दूसरे से संवाद के लिए इसका प्रयोग कर रहे हैं। इजरायल की यूनिवर्सिटी ऑफ हाइफा के एरी कीजल ने वाट्सएप को लेकर किशोरों के अनुभव पर अध्ययन किया। अध्ययन में 14-15 साल की उम्र के किशोरों के दो समूह और 16-17 की उम्र के किशोरों के दो समूह शामिल किए गए। सभी समूहों में बराबर संख्या में लड़के-लड़कियों को रखा गया।
शोधकर्ताओं ने कहा कि वाट्सएप पर बने ग्रुप में बच्चे खुद को ज्यादा सहज पाते हैं। ग्रुप में होने वाली चैट आपसी भरोसे को बढ़ाने वाली होती है। बच्चों का मानना है कि वाट्सएप ग्रुप में वरिष्ठता को लेकर उस तरह का विभाजन भी नहीं होता, जैसा कक्षाओं में होता है। स्कूलों में अक्सर सामाजिक-आर्थिक आधार पर और पढ़ाई या खेल में निपुणता के आधार पर समूह बन जाते हैं। वाट्सएप समूह में ऐसी कोई बंदिश नहीं होती। युवा वाट्सएप चैट में इमोजी के इस्तेमाल को भावनाओं को प्रकट करने का अच्छा तरीका मानते हैं।