Move to Jagran APP

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव: हिलेरी-ट्रंप की बहस ने तोड़े सभी रिकॉर्ड

राष्ट्रपति पद की पहली बहस में को 10 करोड़ लोगों ने टीवी पर देखा। इस तरह सर्वाधिक दर्शक संख्या का रिकॉर्ड भी बना।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Wed, 28 Sep 2016 01:22 AM (IST)Updated: Wed, 28 Sep 2016 03:51 AM (IST)
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव: हिलेरी-ट्रंप की बहस ने तोड़े सभी रिकॉर्ड

हेंप्स्टेड, प्रेट्र। राष्ट्रपति पद की पहली बहस में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन और रिपब्लिकन प्रत्याशी डोनाल्ड ट्रंप के बीच कई मुद्दों पर नोकझोंक हुई। महीनों के प्रचार अभियान के बाद मंगलवार को पहली बार दोनों आमने-सामने थे। डेढ़ घंटे चली बहस में नौकरियों के अवसर, कर भुगतान का ब्योरा, इराक युद्घ से लेकर अमेरिका में बंदूक कानून पर भी चर्चा हुई।

loksabha election banner

इस दौरान ट्रंप ने हिलेरी का विवादास्पद ईमेल मुद्दा उठाते कहा कि यदि हिलेरी 33 हजार डिलीट किए ई-मेल संदेशों को जारी कर दें तो वह भी अपना कर भुगतान का ब्योरा सार्वजनिक कर देंगे। हिलेरी ने भी आरोप लगाए कि ट्रंप बहुत कम टैक्स भरते हैं और जितना उन्होंने चैरिटी में दान का दावा किया, उतना कभी उन्होंने किया ही नहीं। बहस में हिलेरी ने ज्यादातर मौकों पर ट्रंप को चारों खाने चित कर दिया।

हिलेरी के तोबड़तोड़ सवालों और दमदार जवाबों से ट्रंप बचाव की मुद्रा में आ गए। आगामी दो बहस में दोनों दावेदार भारत से संबंध व अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं। बहस के बाद हुए सर्वेक्षण में 62 फीसदी लोगों ने हिलेरी का समर्थन किया तो ट्रंप को महज 27 फीसदी ने बेहतर माना। इस बहस को 10 करोड़ लोगों ने टीवी पर देखी। इस तरह सर्वाधिक दर्शक संख्या का रिकॉर्ड भी बना।

पढ़ेंः प्रेसिडेंशियल डिबेट में ट्रंप-हिलेरी के बीच जोरदार बहस, जानें- 10 बड़ी बातें

किस मुद्दे पर कैसी बहस

नस्लवाद

ट्रंप - मैंने हिलेरी को बराक ओबामा के खिलाफ डिबेट्स की तैयारियां करते देखा है। आपने उनके साथ अपमानजनक बर्ताव किया है।

हिलेरी - ट्रंप ने ओबामा के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी की। इससे राष्ट्रपति बहुत परेशान हुए थे। मैं बता दूं कि ट्रंप के खिलाफ 1973 में नस्लीय भेदभाव के मामले में केस दर्ज होने के साथ उनका कॅरिअर शुरू हुआ। जस्टिस डिपार्टमेंट ने दो बार केस किया।

आईएस

ट्रंप - आईएस ने निपटने के लिए हिलेरी के पास कोई पुख्ता योजना नहीं है। ओबामा और हिलेरी ने इराक से जिस तरह वापसी का फैसला लिया, उससे वहां रिक्तता की स्थिति उत्पन्न हो गई और आईएस अस्तित्व में आया।

हिलेरी - आतंकी संगठन को खत्म करने के लिए योजना बनाई गई है। उनके ऑनलाइन प्रचार तंत्र को तोड़ने का काम प्रगति पर है।

क्षमता

ट्रंप- मुझे नहीं लगता कि हिलेरी क्लिंटन में कमांडर-इन-चीफ बनने की क्षमता है। देश का राष्ट्रपति बनने के लिए आपमें बहुत क्षमता होना चाहिए।

हिलेरी - 112 देशों की यात्रा करने, शांति समझौते को अंजाम तक पहुंचाने, संघर्ष विराम को अमल में लाने, असंतुष्टों को रिहा कराने और संसदीय समिति के समक्ष 11 घंटे का समय बिताने के बाद ट्रंप मुझसे क्षमता की बात करें तो अच्छा रहेगा।

ट्रंप- हिलेरी आप वैसे ज्यादा घूमी नहीं हैं आप तो घर पर आराम कर रही थी।

हिलेरी -आप मेरी आलोचना इसलिए कर रहे हैं कि मैं घर पर बैठकर बहस के लिए तैयारी कर रही थी। लेकिन मैं साथ-साथ राष्ट्रपति बनने की भी तैयारी कर रही थी।

अन्य मुद्दों पर ट्रंप की प्रतिक्रिया
- पूर्व विदेश मंत्री का लंबा अनुभव दरअसल बुरा अनुभव है। अमेरिका इसे चार साल और नहीं ढो सकता है।
- अगर आप शिकागो की सड़क पर घूम रहे हैं तो आपको गोली भी मारी जा सकती है। क्राइम करने के लिए पुलिस को अधिकार देने होंगे। अभी पुलिस कुछ करने में डरती है।
- मैं अमेरिका को दोबारा महान बना सकता हूं। मैं ऐसा करने में सक्षम हूं।

हिलेरी ने भी किया प्रहार
- डोनाल्ड ट्रंप ने इराक युद्घ का समर्थन किया था।
- ट्रंप की योजना अर्थव्यवस्था को फिर से गिरा देगी।
- मैं अपने देश की नेता बनना चाहती हूं जिस पर घर या विदेश, दोनों जगह भरोसा कर सकें।

ऐसे हुई बहस

90 मिनट की बहस को 15-15 मिनट के छह सेशन में बांटा गया था। दो मिनट का समय मॉडरेटर द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब देने, दो मिनट जवाब देने और बचा हुआ समय बहस के लिए दिया गया था। मिल सकती है निर्णायक बढ़त 8 नवंबर को मतदान से छह सप्ताह पहले हुई बहस के जरिए किसी एक दावेदार को निर्णायक बढ़त का रास्ता मिल सकता है। चुनाव के लिए दूसरी बहस अब 9 अक्टूबर को मिसौरी में होगी।

यह है ईमेल का मामला

हिलेरी क्लिंटन पर विदेश मंत्री रहते हुए सरकारी कार्यो के लिए निजी ईमेल सर्वर का इस्तेमाल करने का आरोप लगा था। हिलेरी ने सर्वर से 33 हजार ईमेल डिलीट कर दिए थे। मामले पर एफबीआई ने भी जांच की। हिलेरी ने स्वीकार भी किया कि निजी सर्वर का इस्तेमाल करना उनकी बड़ी गलती थी।

हिलेरी की जीत

बहस के बाद सीएनएन/ओआरसी की ओर से कराए गए सर्वेक्षण में 62 फीसदी लोगों ने हिलेरी क्लिंटन की सराहना की। ट्रंप को महज 27 फीसदी ने बेहतर माना। बहस का आयोजन हेंप्स्टेड के होफस्ट्रा यूनिवर्सिटी में किया गया था।

चर्चा में आई दोनों की ड्रेस

बहस में दोनों दावेदारों की पोशाक चर्चा में रही। हिलेरी लाल रंग की रिपब्लिकन ड्रेस में तो ट्रंप डेमोक्रेट के प्रतीक नीले रंग वाली टाई पहने थे।

जनता के निर्णय का करेंगे समर्थन

हिलेरी और ट्रंप ने हारने या जीतने की स्थिति में जनता के निर्णय को स्वीकार करने की बात कही। समापन सत्र में डेमोक्रेट नेता ने कहा कि वह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का सम्मान करते हैं और चुनाव के नतीजों का समर्थन करेंगी। ट्रंप ने कहा कि वह अमेरिका को फिर से महान बनाना चाहते हैं। वह ऐसा करने में सक्षम हैं। उन्हें हिलेरी पर विश्वास नहीं है, लेकिन जीतने पर उनका समर्थन करेंगे। ट्रंप बोले, माइक था खराब बहस में पिछ़़डने के बाद रिपब्लिकन नेता ट्रंप ने खराब माइक देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, 'मैं हतप्रभ हूं। मेरे साथ क्या ऐसा जानबूझकर किया गया? बात जो भी हो मेरा माइक सही काम नहीं कर रहा था।'

सोशल मीडिया पर भी रिकॉर्ड बना ट्विटर

इस बार बहस को लेकर 1.03 करोड़ से ज्यादा ट्वीट हुए। यह 2012 की पहली बहस से भी ज्यादा थे। 62 फीसद ट्वीट में डोनाल्ड ट्रंप पर चर्चा। हिलेरी पर 38 फीसद ट्वीट में चर्चा फेसबुक बहस को लेकर 79 फीसदी चर्चा ट्रंप पर। हिलेरी को लेकर 21 फीसदी चर्चा हुई।

अखबारों की राय

'पहली बहस से साबित हो गया कि सिर्फ एक ही उम्मीदवार राष्ट्रपति पद के लिए उपयुक्त है।' -द वॉशिंगटन पोस्ट

'नौकरियों के अवसर पर ट्रंप ने ब़़ढत बनाई थी, लेकिन नस्लीय और लैंगिक मुद्दों पर विश्वास कायम नहीं रख सके।' -न्यूयॉर्क टाइम्स

'हिलेरी ने जबर्दस्त प्रदर्शन किया। ट्रंप के तीखे हमले पर भी वह मुस्कुराती रहीं। नीतियों पर उनका बेहतर नियंत्रण था।' -सीएनएन

अंत में क्या कहा दोनों ने

-हिलेरी 33 हजार डिलीट ईमेल संदेश जारी कर दें तो मैं भी कर भुगतान ब्योरा सार्वजनिक कर दूंगा : ट्रंप

-ट्रंप बहुत कम टैक्स भरते हैं, जितना चैरिटी में दान का दावा किया, उतना कभी किया ही नहीं : हिलेरी

पढ़ेंः ट्रंप के सामने हिलेरी का सरेंडर, ईमेल डिलीट पर स्वीकार की गलती


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.