अमेरिकी सेना की 'ग्रीन बैरेट्स' में पहली बार महिलाएं
अमेरिकी सेना की विशिष्ट इकाई ग्रीन बैरेट्स में पहली बार दो महिला सैन्य अधिकारियों को शामिल किया गया है।
वाशिंगटन, एएफपी : अमेरिकी सेना की विशिष्ट इकाई ग्रीन बैरेट्स में पहली बार दो महिला सैन्य अधिकारियों को शामिल करने का फैसला किया गया है। इन्हें जल्द विशेष प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। राष्ट्रपति बराक ओबामा ने वर्ष 2013 में सशस्त्र बलों के सभी अग्रिम मोर्चो पर महिलाओं की तैनाती को हरी झंडी दी थी।
अमेरिकी सेना के जॉन एफ कैनेडी स्पेशल वारफेयर सेंटर और स्कूल ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। केंद्र की प्रवक्ता मेजर मेलोडी फॉकनबेरी ने इसकी पुष्टि की। महिला अधिकारियों के बारे में उन्होंने विस्तृत जानकारी नहीं दी। ग्रीन बैरेट्स के जवान गैर परंपरागत सशस्त्र संघर्ष, विदेशी देशों की आंतरिक सुरक्षा, विशेष टोही अभियान, सीधी कार्रवाई और आंतक रोधी ऑपरेशन को अंजाम देते हैं।
ये भी पढ़ें- कश्मीर में प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए होता रहेगा ‘पैलेट गन’ का इस्तेमाल
इससे पहले मई में दो महिला अधिकारियों को मरीन की फ्रंटलाइन इंफेंट्री में शामिल किया गया था। ओबामा द्वारा प्रतिबंध हटाने के फैसले के बाद मरीन ने छूट की मांग की थी, लेकिन बाद में रक्षा मंत्री एश्टन कार्टर ने रियायत देने से इन्कार कर दिया था। अमेरिकी सशस्त्र बलों में इस समय महिला अधिकारियों की हिस्सेदारी 15.6 फीसद है।