जानिए, क्यों हुई UAE की आठ राजकुमारियों को 15 माह की जेल
शिकायत के अनुसार, उन्हें होटल से बाहर जाने की अनुमति नहीं थी और राजकुमारियों से बचा हुआ खाना ही खाने को मजबूर किया जाता था।
ब्रसेल्स, एजेंसी। बेल्जियम की एक कोर्ट ने संयुक्त अरब अमीरात की आठ राजकुमारियों को मानव तस्करी का दोषी पाया है। इन पर अपने नौकरों के साथ अमानवीय व्यवहार करने का भी आरोप था। अदालत ने इन सभी को 15 माह जेल की सजा दी और 1.85 लाख डॉलर (1.20 करो़ड़ रुपए) का जुर्माना भी लगाया।
इन राजकुमारियों पर 2008 में ब्रसेल्स यात्रा के दौरान 20 नौकरानियों को गुलाम जैसे रखने के आरोप थे। राजकुमारियों ने सभी आरोपों को खारिज किया है। फैसले के वक्त दुबई के अल-नहयान परिवार की आठ सदस्य राजकुमारियां कोर्ट में मौजूद नहीं थीं। मामले का फैसला आने में नौ साल लग गए।
यह मामला तब सामने आया जब एक नौकरानी होटल से भाग निकली थी। राजकुमारियों ने होटल का एक पूरा फ्लोर किराए पर लिया था। नौकरानियों का कहना था कि उनसे 24 घंटे काम करवाया जाता था और उन्हें जमीन पर सोना पड़ता था। उन्हें कोई साप्ताहिक छुट्टी भी नहीं मिलती थी।
मानव तस्करी रोकने पर बड़ी कार्रवाई
शिकायत के अनुसार, उन्हें होटल से बाहर जाने की अनुमति नहीं थी और राजकुमारियों से बचा हुआ खाना ही खाने को मजबूर किया जाता था। मामले की पैरवी करने वाले बेल्जियन मानवाधिकार समूह मारिया ने एक बयान जारी कर इस फैसले को मानव तस्करी के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
इसे भी पढ़ें: कतर ने मांगें नहीं मानीं तो इसी माह से होगा बहिष्कार- UAE