चीन में तूफान हैमा की वजह से भूस्खलन
चीन पहुंचे तूफान हैमा की वजह से गुआंगडोंग प्रांत से भूस्खलन की खबर है।
बीजिंग (प्रेट्र)। चीन के तूफान हैमा की वजह से अनेकों शहर में अचानक बारिश हुई और गुआंगडोंग प्रांत में भूस्खलन हो गया। यहां तक कि बाढ़, भूस्खलन व अन्य मौसम संबंधित आपदाओं के लिए अधिकारियों ने चेतावनी जारी कर दिया है। सिन्हुआ के अनुसार, गुआंगडोंग के कम से कम पांच शहरों में शुक्रवार रात को भारी बारिश हुई।
स्थानीय मौसम विभाग द्वारा दिए गए जानकारी के अनुसार, हैमा की वजह से प्रांत के शानवेई में शुक्रवार को भूस्खलन हो गया। शानवेई आपदा राहत कार्यालय ने बताया तूफान के कारण आंधी और बारिश से 59 नाले टूट गए, 21 बांध टूटे और 179 जलस्रोतों का भी नुकसान हो गया है। हुइझोउ सिटी के पास एक जूते की फैक्ट्री में पानी घुस जाने से वहां 21 लोग फंस गए। उन्हें वहां से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। अनेकों शहरों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है।
प्रांत के आपदा प्रबंधन कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी ने चेताया है कि अधिकांश बांधों में पानी खतरे के निशान तक पहुंच गया है। चीन ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था और दक्षिणी शहर शेनझेन में कार्यालयों व स्कूलों को बंद करा दिया था।