टॉपलेस होकर इस्लामी कार्यक्रम में पहुंची दो महिलाएं
फ्रांस की राजधानी पेरिस के नजदीक पोंटोइज में आयोजित एक इस्लामी कार्यक्रम में उस समय विवाद की स्थिति बन गई जब वहां दो अर्द्धनग्न महिलाएं घुस आई।
पेरिस। फ्रांस की राजधानी पेरिस के नजदीक पोंटोइज में आयोजित एक इस्लामी कार्यक्रम में उस समय विवाद की स्थिति बन गई जब वहां दो अर्द्धनग्न महिलाएं घुस आई। मीडिया रिपोर्टो के मुताबिक दोनों महिलाएं एक स्वयंभू संस्था 'सेक्सट्रीमिस्ट' की सदस्य हैं।
द लोकल की रिपोर्ट के मुताबिक एक वीडियो में 'वुमेन एंड इस्लाम' विषय पर हो रहे इस कार्यक्रम के मंच पर अर्द्धनग्न हालत में दोनों महिलाओं को दौड़ते हुए देखा जा सकता है। उस वक्त मंच पर दो इमाम अपनी बात रख रहे थे। दोनों महिलाओं का संबंध अल्जीरिया और ट्यूनीशिया से है।
उनके शरीर पर लिखा था, 'मुझे कोई दबा नहीं सकता, मैं अपनी पैगंबर खुद हूं।' यही बात उन्होंने चिल्लाकर भी कही। सुरक्षाकर्मियों समेत लगभग 15 लोग उन दोनों को रोकने के लिए मंच की ओर दौड़े। तस्वीरों में कुछ पुरुष उन दोनों पर लात-घूंसे चलाते हुए भी देखे गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को वहां से हटाया। कार्यक्रम के आयोजकों ने कहा कि वे मामला दर्ज कराने के बारे में सोच रहे हैं। इसी तरह के विवादों में रही अन्य संस्था फीमेन की प्रमुख इना श्वेचेंको ने प्रदर्शन का समर्थन किया है।