भारतीय मूल के दो अमेरिकी शिक्षक होंगे सम्मानित
भारतीय मूल के दो अमेरिकी शिक्षकों को शिक्षा क्षेत्र में बेहतरीन काम के लिए पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। प्रोफेसर आर पाल सिंह को जहां विश्व कृषि पुरस्कार के लिए नामित किया गया है वहीं दर्शन जैन को अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रपति अवार्ड के
वाशिंगटन। भारतीय मूल के दो अमेरिकी शिक्षकों को शिक्षा क्षेत्र में बेहतरीन काम के लिए पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। प्रोफेसर आर पाल सिंह को जहां विश्व कृषि पुरस्कार के लिए नामित किया गया है वहीं दर्शन जैन को अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रपति अवार्ड के लिए नामित किया है।
एलियंस से शिक्षक दर्शन जैन को गणित और विज्ञान की शिक्षा देने में बेहतर प्रदर्शन के लिए अवार्ड दिया जा रहा है। प्रोफेसर सिंह को सालाना जीसीएचईआरए सम्मेलन में अवार्ड दिए जाने की घोषणा की गई। लेबनान के जौनिएह स्थित होली स्पीरिट यूनिवर्सिटी ऑफ कास्लिक में पिछले सप्ताह यह सम्मेलन आयोजित किया गया था।
घोषित अवार्ड 20 सितंबर को चीन के जियांगसू प्रांत स्थित नानजिंग कृषि विश्वविद्यालय में औपचारिक रूप से प्रदान किया जाएगा। प्रोफेसर सिंह कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय में जीव विज्ञान एवं कृषि इंजीनियरिग और खाद्य विज्ञान एवं तकनीकी विभाग में काम करते हैं। उन्होंने कहा, "इस अवार्ड की खबर मिलने के बाद मैं दिल से सम्मानित महसूस कर रहा हूं।"
दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति ओबामा ने गणित और विज्ञान के 108 शिक्षकों को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति अवार्ड के लिए नामित किया है। इन शिक्षकों को गणित और विज्ञान पढ़ाने में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। देश भर के विज्ञान एवं गणित शिक्षकों को हर साल यह अवार्ड दिया जाता है। दर्शन जैन एवं अन्य विजेताओं को अवार्ड समारोह के लिए वाशिंगटन डीसी आमंत्रित किया गया है।