तुर्की की रूस को आग के साथ न खेलने की चेतावनी
तुर्की द्वारा रूसी लड़ाकू विमान गिराए जाने के बाद दोनों देशों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। रूस ने जहां तुर्की के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंध लगाने की धमकी दी है वहीं तुर्की ने चेतावनी देते हुए रूस को आग से न खेलने की धमकी दे डाली है। तुर्की
इस्तांबुल। तुर्की द्वारा रूसी लड़ाकू विमान गिराए जाने के बाद दोनों देशों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। रूस ने जहां तुर्की के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंध लगाने की धमकी दी है वहीं तुर्की ने चेतावनी देते हुए रूस को आग से न खेलने की धमकी दे डाली है। तुर्की के राष्ट्रपति ताइपी इरडोगन ने अपने उद्योगपति को रूस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद यह कड़ा रुख इख्तियार किया है। वहीं रूस ने तुर्की के साथ वीजा फ्री ट्रेवल सर्विस को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
तुर्की उद्योगपतियों को रूस द्वारा हिरासत में लिए जाने को राष्ट्रपति इरडोगन ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि उन्हें उस वक्त हिरासत में लिया गया जब वह मास्को में लगे ट्रेड फेयर में हिस्सा लेने के लिए गए थे। रूस के मुताबिक उन्हें वीजा में अनियमितता पाने के जुर्म में हिरासत में लिया गया है। उन्होंने इसको आग से खेलने जैसा बताया है। उन्होंने कहा है कि रूस ने हमारे नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार कर उन्हें हिरासत में लेकर आग से खेलने का काम किया है, जिसको बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। उन्होंने साफतौर पर कहा कि वह रूस के साथ रिश्तों को सामान्य बनाने रखने को तवज्जो देते हैं, हम संंबंधों को खराब नहीं होने देना चाहते हैं।
पुतिन का आरोप, अमेरिका ने 'लीक' किया रूसी विमान का फ्लाइट पाथ
तुर्की के राष्ट्रपति ने कहा है कि वह पेरिस में अगले सप्ताह होने वाले जलवायु सम्मेलन में भाग लेने जाएंगे जहां पर वह इस संबंध में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात भी करेंगे। हालांकि उनकी इस भेंट से पहले ही राष्ट्रपति पुतिन ने उनकी इस अपील को खारिज करते हुए कहा है कि उन्होंने अब तक रूसी विमान गिराए जाने को लेकर कोई माफी नहीं मांगी है। लिहाजा वह उनसे नहीं मिलेंगे। पुतिन का कहना है कि यह तुर्की का नैतिक कर्तव्य है कि वह इस कर्त्य के लिए माफी मांगे।
जानकारों का मानना है कि तुर्की और रूस के रिश्तों में आई खटास का प्रभाव सीरिया में लड़ी जा रही इस्लामिक स्टेट के आतंकियों के खिलाफ लड़ाई पर भी पड़ेगा। पिछले पांच वर्षों से सीरिया में चल रहा गृह युद्ध तुर्की द्वारा रूसी विमान गिराए जाने के बाद और उलझने का खतरा भी बढ़ गया है। इसकी वजह जानकार रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद के समर्थन में आना बताते हैं। गौरतलब है कि सीरिया में चल रहे गृह युद्ध में एक ओर जहां रूस असद सरकार को समर्थन दे रहा है वहीं अमेरिका और उसके समर्थन वाले देश चाहते हैं कि असद को कुर्सी छोड़ देनी चाहिए तभी देश में वर्षों से चल रहा गृहयुद्ध समाप्त हो सकता है।
पढ़ें: तुर्की ने जानबूझकर गिराया रूसी लड़ाकू विमान, लगा सकते हैं आर्थिक प्रतिबंध: पुतिन