अफगानिस्तान में आइएस का रेडियो स्टेशन ध्वस्त
अफगानिस्तान में पैर पसारने में जुटे आतंकी संगठन आइएस को तगड़ा झटका लगा है। हवाई हमलों में उसका रेडियो स्टेशन ध्वस्त हो गया है।
काबुल । अफगानिस्तान में पैर पसारने में जुटे आतंकी संगठन आइएस को तगड़ा झटका लगा है। हवाई हमलों में उसका रेडियो स्टेशन ध्वस्त हो गया है। अफगानिस्तान के सुदूरवर्ती पूर्वी नांगरहार प्रांत में पिछले साल आतंकियों ने यह स्टेशन स्थापित किया था।
अमेरिकी सेना के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि पाकिस्तान की सीमा के पास आइएस संचालित रेडियो स्टेशन 'वॉयस ऑफ खलीफा' हवाई हमले में ध्वस्त कर दिया गया है। अफगानिस्तान में नाटो मिशन के प्रवक्ता कर्नल माइक लाहार्न ने नांगरहार प्रांत में सोमवार की रात हवाई हमलों की पुष्टि करते हुए विस्तृत जानकारी देने से इन्कार किया है। वहीं, शिन्हुआ ने प्रांतीय अधिकारियों के हवाले से रेडियो स्टेशन ध्वस्त होने की पुष्टि की है। साथ ही कहा है कि हमलों में 46 आतंकी मारे गए। इनमें 29 आइएस से जुड़े थे।
गौरतलब है कि आइएस पिछले साल अफगानिस्तान में अपनी गतिविधियां शुरू की थी। इसी कड़ी में नए लड़ाकों की भर्ती के लिए उसने रेडियो प्रसारण शुरू किया था। इस स्टेशन से हर हफ्ते एक घंटे पश्तो भाषा में खलीफा राज्य के पक्ष में प्रसारण किया जाता था।