सुषमा का दक्षिण अफ्रीका व तंजानिया दौरा स्थगित
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने दक्षिण अफ्रीका व तंजानिया की यात्रा स्थगित कर दी है। सुषमा जोहानिसबर्ग में होने वाले इब्सा (भारत, ब्राजील व दक्षिण अफ्रीका) के त्रिपक्षीय मंत्रिस्तरीय आयोग के आठवें दौर की बैठक में भी हिस्सा लेने वाली थीं।
नई दिल्ली। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने दक्षिण अफ्रीका व तंजानिया की यात्रा स्थगित कर दी है। सुषमा जोहानिसबर्ग में होने वाले इब्सा (भारत, ब्राजील व दक्षिण अफ्रीका) के त्रिपक्षीय मंत्रिस्तरीय आयोग के आठवें दौर की बैठक में भी हिस्सा लेने वाली थीं।
विदेश मंत्री 28 से 31 मार्च तक के लिए अफ्रीका के दौरे पर जाने वाली थीं। यात्रा स्थगित करने के कारणों का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन विदेश विभाग के प्रवक्ता सैय्यद अकबरुद्दीन ने बताया कि नई तिथि आपसी सलाह-मशविरे से बाद में तय की जाएगी।
इब्सा के सदस्य देशों के प्रस्तावित बैठक में भारत की विदेश मंत्री का 31 मार्च को दक्षिण अफ्रीका व ब्राजील के विदेश मंत्रियों मैती नकोआना माशाबाने और माऊरो वियरा से मिलने का कार्यक्रम था। दक्षिण अफ्रीका में सुषमा को भारत-दक्षिण अफ्रीका संयुक्त आयोग बैठक की सह-अध्यक्षता भी करनी थी।
इससे पहले 28 से 29 मार्च के मध्य उनका तंजानिया जाने का कार्यक्रम था। 12 साल के बाद भारत का कोई विदेश मंत्री तंजानिया जाने वाला था।