प्रदूषण, बेवकूफी और लालच सबसे बड़ा खतरा : हॉकिंग
ब्रिटेन के महान भौतिक विज्ञानी स्टीफन हॉकिंग ने मनुष्यता के लिए सबसे बड़े खतरों पर आगाह किया है।
लंदन। ब्रिटेन के महान भौतिक विज्ञानी स्टीफन हॉकिंग ने मनुष्यता के लिए सबसे बड़े खतरों पर आगाह किया है। उनकी नजर में पर्यावरण प्रदूषण, लोगों का लालच और बेवकूफी सबसे बड़े खतरे के रूप में बरकरार हैं। 74 वर्षीय वैज्ञानिक ने बढ़ती आबादी पर भी चेतावनी दी।
हॉकिंग ने कहा, "हम अपने लालच और बेवकूफी की वजह से खुद को नष्ट करने के खतरे का सामना कर रहे हैं। छह साल पहले मैंने प्रदूषण और बढ़ती भीड़ को लेकर चेताया था। तब से स्थिति बदतर हुई है।" इन छह वर्षों में आबादी 50 करोड़ बढ़ी है।
इस दर से 2100 तक दुनिया की आबादी 11 अरब हो जाएगी। हॉकिंग ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में प्रदूषण आठ फीसद की दर से बढ़ा है। शहरी इलाकों के 80 फीसद से ज्यादा लोग प्रदूषण के असुरक्षित स्तर में जी रहे हैं।
हॉकिंग ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के खतरे पर भी आगाह किया। उन्होंने युद्ध में इसके इस्तेमाल और हथियारों की होड़ बढ़ने का अंदेशा जताया। उन्होंने कहा कि जब मशीन चीजों को समझने लगेगी, तब उसको समझना मुश्किल होगा।