द. कोरिया की पूर्व राष्ट्रपति पार्क पर गिरफ्तारी की तलवार
संवैधानिक अदालत ने दस मार्च को 65 वर्षीय पार्क को राष्ट्रपति पद से हटाने का फैसला सुनाया था।
सियोल, एएफपी। सत्ता के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार मामलों में अपदस्थ की गई दक्षिण कोरिया की पूर्व राष्ट्रपति पार्क ग्यून हेई पर अब गिरफ्तारी की तलवार लटक कई है। अभियोजकों ने सोमवार को कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट की मांग की है। अगर सियोल सेंट्रल डिस्टि्रक्ट कोर्ट से वारंट की मंजूरी मिलती है तो पार्क गिरफ्तार होने वाली तीसरी पूर्व राष्ट्रपति बन जाएंगी।
संवैधानिक अदालत ने दस मार्च को 65 वर्षीय पार्क को राष्ट्रपति पद से हटाने का फैसला सुनाया था। इसके पहले संसद में राष्ट्रपति के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पारित किया गया था। उन पर रिश्वत लेने, सरकारी सूचनाओं को लीक करने और सत्ता के दुरुपयोग के आरोप लगाए गए थे। इस मामले के केंद्र में पार्क की विश्वस्त सहेली चोई सुन सिल हैं। वह कई शीर्ष कंपनियों से गैर लाभकारी संगठनों के लिए सात करोड़ डॉलर का चंदा लेने के मामले का सामना कर रही हैं। उन्होंने अपने निजी हित के लिए इस धनराशि को खर्च किया था।
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया में भारतीय पर हुए हमले की जांच शुरू, खेद भी प्रकट किया