दक्षिण कोरिया का उत्तर को सैन्य वार्ता का प्रस्ताव
उत्तर कोरिया द्वारा हाल में किए गए पहले अंतर महाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण से क्षेत्र में सैन्य तनाव चरम पर है।
सियोल, एएफपी। कोरियाई प्रायद्वीप में बढ़ते तनाव को दूर करने के इरादे से दक्षिण कोरिया ने कदम बढ़ाया है। उसने उत्तर कोरिया के साथ सैन्य वार्ता की पेशकश की है। उत्तर कोरिया द्वारा हाल में किए गए पहले अंतर महाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण से क्षेत्र में सैन्य तनाव चरम पर है।
इस साल मून जे इन के राष्ट्रपति बनने के बाद दक्षिण कोरिया ने पहली बार इस तरह का प्रस्ताव दिया है। यह प्रस्ताव ऐसे समय सामने आया जब सियोल में रेडक्रास ने 1950-53 की लड़ाई में अलग हुए परिवारों को दोबारा मिलाने के मसले पर चर्चा के लिए बैठक बुलाई है। दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री ने शुक्रवार को सीमाई गांव पनमुंजोम में वार्ता का प्रस्ताव दिया है।
जबकि रेडक्रास ने भी इसी स्थान पर एक अगस्त को वार्ता की पेशकश की है। अगर दक्षिण कोरिया की ओर से प्रस्तावित बैठक होती है तो यह दिसंबर, 2015 के बाद पहली वार्ता होगी। रेड क्रास ने कहा कि उसे उत्तर कोरिया से सकारात्मक प्रतिक्रिया की उम्मीद है।