अधिकारियों से परेशान पाकिस्तानी युवक ने लगाई आग, तस्वीरें हुईं वायरल
पाकिस्तान से आई एक तस्वीर आपके होश फाख्ता कर सकती है। इस तस्वीर में एक शख्स को जलते हुए कपड़ों में सड़कों पर दौड़ते हुए देखा जा सकता है। पीड़ित शख्स की आग को आसपास से गुजरने वाले राहगीरों ने बुझाने का प्रयास किया।
मुल्तान। पाकिस्तान से आई एक तस्वीर आपके होश फाख्ता कर सकती है। इस तस्वीर में एक शख्स को जलते हुए कपड़ों में सड़कों पर दौड़ते हुए देखा जा सकता है। पीड़ित शख्स की आग को आसपास से गुजरने वाले राहगीरों ने बुझाने का प्रयास किया।
अस्पताल ले जाए जाने तक यह शख्स 80 फीसद तक जल चुका था। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उसने राजस्व विभाग के खिलाफ विरोध जताने के लिए खुद को आग के हवाले कर दिया था।
डेलीमेल ऑनलाइन की खबर के अनुसार, पाकिस्तान के मुल्तान निवासी शाहबाज अहमद (24 वर्ष) ने खुद को आग के हवाले कर दिया।
उसने ऐसा राजस्व विभाग के स्थानीय अधिकारियों के रवैये से परेशान होकर किया था। मुल्तान की भीड़भाड़ वाली सड़क पर जलते अहमद को देखकर राहगीर भौंचक्के रह गए। उन्होंने उस पर रेत-मिट्टी डालकर आग बुझाने की कोशिश की।
शाहबाज अहमद के कपड़े आग के कारण पूरी तरह जल चुके थे और उसकी त्वचा भी जलने के कारण काली पड़ने लगी थी। उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अहमद 80 फीसद से ज्यादा जल चुके हैं।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में मार्च माह में एक किशोरी ने खुद को आग लगाकर जान दे दी थी क्योंकि पुलिस ने उसके साथ रेप करने के आरोपियों पर मामला वापस ले लिया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किशोरी ने मुजफ्फरगढ़ में पुलिस स्टेशन के बाहर ही खुद को आग लगा ली थी। उसका आरोप था कि जनवरी माह में कॉलेज जाते समय उसके साथ कई आरोपियों ने रेप किया था।