छुट्टियां बीच में ही छोड़ फ्रांस से चले गए सऊदी के शाह
सऊदी अरब के शाह सलमान छुट्टियां बीच में ही छोड़कर फ्रांस के रिवेरा से मोरक्को चले गए हैं। इसके साथ ही मिरानडोल बीच स्थानीय लोगों के लिए सोमवार को फिर से खोल दिया गया। बताया जाता है कि विरोध को देखते हुए सऊदी शाह ने यह फैसला किया है।
पेरिस। सऊदी अरब के शाह सलमान छुट्टियां बीच में ही छोड़कर फ्रांस के रिवेरा से मोरक्को चले गए हैं। इसके साथ ही मिरानडोल बीच स्थानीय लोगों के लिए सोमवार को फिर से खोल दिया गया। बताया जाता है कि विरोध को देखते हुए सऊदी शाह ने यह फैसला किया है। हालांकि स्थानीय अधिकारियों ने इससे इन्कार किया है। अधिकारियों के मुताबिक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही शाह मोरक्को के टैंगरियर्स गए हैं।
उल्लेखनीय है कि शाह सलमान 25 जुलाई को परिवार के साथ छुट्टी मनाने रिवेरा पहुंचे थे। उन्हें यहां तीन हफ्ते तक रहना था। एक हजार लोगों के साथ पहुंचे शाह की सुविधा के लिए फ्रांसीसी अधिकारियों ने बीच को बंद कर दिया था। इसके विरोध में स्थानीय लोगों ने अभियान चला रखा था जिसका डेढ़ लाख लोगों ने समर्थन किया। रिवेरा स्थित शाह के बंगले से मिरानडोल बीच तक अस्थायी लिफ्ट के निर्माण को लेकर भी विवाद था। डेली मेल के अनुसार सऊदी की आपत्ति के बाद बीच से दो फ्रांसीसी महिला सुरक्षाकर्मियों को हटाए जाने से भी लोग नाराज थे। एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि आने वाले दिनों में बीच के पास हुए सारे अस्थायी निर्माण कार्य हटा लिए जाएंगे।