रूस ने अमेरिका पर मढ़ा साइबर हमले का दोष, कहा- वायरस अमेरिका की उपज
अपने आरोप के समर्थन में पुतिन ने माइक्रोसॉफ्ट के अध्यक्ष ब्रैड स्मिथ के एक ब्लॉग का हवाला दिया।
बीजिंग, एएफपी। 150 से ज्यादा देशों में अफरातफरी पैदा करने वाले साइबर हमले के लिए रूस ने अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को अपने देश की भूमिका से इन्कार करते हुए कहा कि यह वायरस अमेरिका की विशेष सुरक्षा सेवा की उपज है। हैकरों से निपटने के लिए उन्होंने तत्काल विचार-विमर्श की जरूरत बताई।
अपने आरोप के समर्थन में पुतिन ने माइक्रोसॉफ्ट के अध्यक्ष ब्रैड स्मिथ के एक ब्लॉग का हवाला दिया। सप्ताहांत लिखे गए इस ब्लॉग में स्मिथ ने कहा था कि हैकरों द्वारा इस्तेमाल किया गया कोड अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी ने विकसित किया था। अमेरिका पूर्व में कई साइबर हमलों के लिए रूस को जिम्मेदार बता चुका है।
चीन में इस हमले से करीब तीस हजार संस्थान प्रभावित हुए हैं। देश के सबसे बड़े एंटी वायरस आपूर्तिकर्ता क्यूहो 360 ने यह जानकारी दी है। प्रभावित संस्थानों में सरकारी एजेंसियां भी हैं। करीब चार हजार शैक्षणिक और शोध संस्थानों को भी हैकरों ने निशाना बनाया। जापान में इस हमले से छह सौ संस्थानों के दो हजार कंप्यूटरों के प्रभावित होने की सूचना है। रायटर के मुताबिक यूरोपीय अधिकारियों ने इस तरह के और हमलों की आशंका जताई है।
यह भी पढ़ें; अमेरिका ने माना, सबसे खराब दौर में रूस के साथ संबंध