रुश्दी ने जीता पेन पिंटर लेखन पुरस्कार
भारत में जन्मे बुकर विजेता लेखक सलमान रुश्दी ने शुक्रवार को इस साल का प्रतिष्ठित पेन पिंटर लेखन पुरस्कार जीता है। उनके उत्कृष्ट साहित्यिक कार्य व अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का समर्थन करने के लिए उन्हें यह पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कार की शुरुआत 2009 में प्रख्यात ब्रिटिश नाटककार व नोबेल साहित्य विजेता हेरोल्ड पिंटर की स्म
लंदन। भारत में जन्मे बुकर विजेता लेखक सलमान रुश्दी ने शुक्रवार को इस साल का प्रतिष्ठित पेन पिंटर लेखन पुरस्कार जीता है। उनके उत्कृष्ट साहित्यिक कार्य व अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का समर्थन करने के लिए उन्हें यह पुरस्कार दिया जाएगा।
पुरस्कार की शुरुआत 2009 में प्रख्यात ब्रिटिश नाटककार व नोबेल साहित्य विजेता हेरोल्ड पिंटर की स्मृति में चैरिटी इंग्लिश पेन द्वारा की गई। 67 वर्षीय रुश्दी ने कहा कि मेरे मित्र हेरोल्ड पिंटर के नाम पर रखे गए इस पुरस्कार को प्राप्त करना मर्मस्पर्शी है। उनकी साहित्यिक प्रतिभा सामाजिक न्याय के प्रति उनके जुनून से जुड़ी थी।
न्यूयॉर्क निवासी रुश्दी को यह पुरस्कार आगामी सात अक्टूबर को लंदन स्थित ब्रिटिश लाइब्रेरी में एक समारोह में प्रदान किया जाएगा। रुश्दी को उनके उपन्यास 'मिडनाइट्स चिल्ड्रेन' के लिए जाना जाता है। उनके इस उपन्यास को 2008 में बुकर प्राइज मिला। हालांकि रुश्दी अपने उपन्यास 'सेटेनिक वर्सेज' के लिए खासे विवादों में रहे।
इसका मुस्लिमों द्वारा खूब विरोध किया गया। ईरान के धार्मिक नेता अयातुल्लाह खोमैनी ने इस किताब के चलते उनके खिलाफ वर्ष 1989 में फतवा जारी कर दिया था। इसके बाद वह भूमिगत हो गए थे। अब भी वह भारी सुरक्षा में रहते हैं।