दर्दनाक हादसा, एक फ्रिज से खाक हो गया लंदन का 24 मंजिला टावर
लोग बच्चों को बचाने के लिए उन्हें घरों की खिड़कियों से नीचे फेंक रहे हैं। नीचे खड़े लोग इन्हें गोद में ले रहे हैं।
लंदन, रायटर। भयावह व विध्वंसक। मध्य लंदन के 24 मंजिला ग्रेनफेल टावर में बुधवार तड़के लगी आग को देख यही कहा जा सकता है। पूरा टावर आग के गोले में तब्दील हो चुका है। चारों ओर चीख पुकार मची है। आग में ममता भी झुलस रही है। लोग बच्चों को बचाने के लिए उन्हें घरों की खिड़कियों से नीचे फेंक रहे हैं। नीचे खड़े लोग इन्हें गोद में ले रहे हैं।
एक महिला अपने छह बच्चों को लिए आग की लपटों के बीच 21वें तल्ले से नीचे की ओर दौड़ पड़ी लेकिन टावर से बाहर आने तक उसके दो लाल झुलसकर मांस के लोथड़े में तब्दील हो चुके थे। वह फर्श पर दहाड़ें मार रोने लगी। कुछ घर के अंदर से चीख रहे हैं, बचाने की गुहार लगा रहे हैं। चिन्गारियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। जैसे प्रलय को बेताब हों। आग लगने का कारण एक फ्लैट में रखा रेफ्रिजरेटर में हुआ विस्फोट बताया जा रहा है लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जब रिहाइशी टावर में आग लगी तो दर्जनों लोग सोए थे। अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 74 घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
सूचना मिलते ही 40 दमकल गाडि़यां पहुंचीं और दो सौ से अधिक फायर फाइटर्स आग बुझाने में जुटे लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। कई के अब भी फंसे होने की आशंका है। ऊपर के तल्लों पर अग्निशमन कर्मी नहीं पहुंच पा रहे हैं। आग की चपेट में सबसे पहले दूसरा मंजिल आया और इसके बाद आग तेजी से ऊपर की ओर फैलती गई।
इमारतों की सुरक्षा पर सवाल: लंदन के मेयर सादिक खान ने राजधानी की बहुमंजिली इमारतों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। खान ने कहा है कि इस पर तत्काल काम होना चाहिए।
यह भी पढें: लंदन में जलकर खाक हुई 27 मंजिला इमारत, कईयों के मारे जाने की आशंका