Move to Jagran APP

अमेरिकी चेतावनी को पुतिन ने किया दरकिनार

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने क्रीमिया में सैन्य हस्तक्षेप को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की चेतावनी को दरकिनार कर दिया है। उन्होंने कहा कि रूस यूक्रेन में रूसी भाषा बोलने वाले लोगों की मदद की मांग को नजरअंदाज नहीं कर सकता है। करीब एक घंटे तक ओबामा के साथ टेलीफोन पर हुई बातचीत के बाद प

By Edited By: Published: Fri, 07 Mar 2014 09:48 PM (IST)Updated: Sat, 08 Mar 2014 12:05 AM (IST)
अमेरिकी चेतावनी को पुतिन ने किया दरकिनार

मॉस्को। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने क्रीमिया में सैन्य हस्तक्षेप को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की चेतावनी को दरकिनार कर दिया है। उन्होंने कहा कि रूस यूक्रेन में रूसी भाषा बोलने वाले लोगों की मदद की मांग को नजरअंदाज नहीं कर सकता है।

loksabha election banner

करीब एक घंटे तक ओबामा के साथ टेलीफोन पर हुई बातचीत के बाद पुतिन ने अपने बयान में कहा कि यूक्रेन की स्थिति को लेकर अमेरिका और रूस के बीच मतभेद बने हुए हैं। यूक्रेन के नए नेताओं ने पूर्वी व दक्षिण पूर्वी भाग तथा क्रीमिया को लेकर पूर्णत: गैर कानूनी निर्णय लिए हैं। पुतिन ने कहा कि रूस लोगों की मदद की मांग को नजरअंदाज नहीं कर सकता है और वह अंतरराष्ट्रीय कानून के मुताबिक कार्रवाई करता है। जबकि ओबामा का कहना है कि रूस की कार्रवाई से यूक्रेन की संप्रभुता का उल्लंघन हुआ है। उन्होंने सुझाव दिया है कि इस मुद्दे का राजनयिक हल निकाला जाना चाहिए जिससे रूस और यूक्रेन दोनों के हितों की रक्षा हो सके। क्रीमिया की संसद द्वारा बृहस्पतिवार को रूसी संघ में शामिल होने को लेकर सर्वसम्मति से किए गए मतदान के बाद पश्चिमी और पूर्वी देशों के बीच टकराव और बढ़ गया है। इसे शीत युद्ध के बाद पूर्वी और पश्चिमी देशों के बीच सबसे गंभीर टकराव माना जा रहा है। क्रीमिया की संसद में रूसी मूल के लोगों की संख्या अधिक है। क्षेत्र की सरकार ने 16 मार्च को जनमत संग्रह कराने का फैसला किया है। यूरोपीय यूनियन के नेताओं और ओबामा ने जनमत संग्रह को अवैध बताते हुए इसकी आलोचना की है। उनका कहना है कि इससे यूक्रेन के संविधान का उल्लंघन होगा। क्रीमिया से आए सांसदों से मुलाकात के बाद रूसी संसद के ऊपरी सदन के प्रमुख ने कहा कि क्रीमिया के पास आत्मनिर्णय का अधिकार है। उन्होंने भाईचारा रखने वाले दो देशों के बीच युद्ध की आशंका से इन्कार किया।

अमेरिका ने लगाया प्रतिबंध: पुतिन को फोन करने से पहले ओबामा ने यूक्रेन में संकट पैदा होने के बाद पहली बार रूस के खिलाफ वीजा प्रतिबंध और यूक्रेन की संप्रभुता के लिए खतरा पैदा करने वाले अज्ञात लोगों की संपत्ति को जब्त करने का आदेश दिया। जापान ने भी पश्चिमी देशों की कार्रवाई का समर्थन किया है। वहीं रूस के सहयोगी चीन ने कहा है कि संकट के हल के लिए प्रतिबंध सही तरीका नहीं है। उसने क्रीमिया को लेकर होने वाले जनमत पर कोई टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया। वहीं रूस के सबसे बड़े आर्थिक सहयोगी यूरोपीय संघ ने तत्काल प्रतिबंध लगाए जाने से दूरी बनाई है।

यानुकोविच के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट पर विचार

लायोन (फ्रांस)। इंटरपोल ने शुक्रवार को कहा कि वह यूक्रेन के अपदस्थ राष्ट्रपति विक्टर यानुकोविच के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने के यूक्रेन की नई सरकार के अनुरोध पर विचार कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय पुलिस संगठन ने सत्ता के दुरुपयोग और हत्या के आरोपों में यानुकोविच के खिलाफ रेड नोटिस जारी करने को लेकर कीव के अधिकारियों की ओर से बुधवार को अनुरोध प्राप्त होने की पुष्टि की।

क्रीमिया से संबंधित समाचार पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.