भारतीय मूल के सूरी हाउस ऑफ लार्ड्स के सदस्य मनोनीत
भारतीय मूल के आभूषण व्यापारी रणवीर सिंह सूरी को ब्रिटेन की संसद के उच्च सदन हाउस ऑफ लार्ड्स का सदस्य मनोनीत किया गया है। सूरी ने ब्रिटेन की सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी को तीन लाख 12 हजार पौंड (तीन करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक) का चंदा दिया था। सूरी ब्रिटिश एशियन कन्जर्वेटिव लिंक्स संगठन के चेयरमैन हैं। ब्रिटे
लंदन। भारतीय मूल के आभूषण व्यापारी रणवीर सिंह सूरी को ब्रिटेन की संसद के उच्च सदन हाउस ऑफ लार्ड्स का सदस्य मनोनीत किया गया है। सूरी ने ब्रिटेन की सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी को तीन लाख 12 हजार पौंड (तीन करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक) का चंदा दिया था।
सूरी ब्रिटिश एशियन कन्जर्वेटिव लिंक्स संगठन के चेयरमैन हैं। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन द्वारा हाउस ऑफ लार्ड्स के लिए नामित किए जाने वाले 22 नए लोगों में से एक सूरी का नाम है। नए सदस्यों के साथ हाउस ऑफ लार्ड्स के सदस्यों की कुल संख्या 850 हो जाएगी। वर्ष 1999 में हाउस ऑफ लार्ड्स अधिनियम में संशोधन कर वंशानुगत लार्ड्सशिप का प्रावधान खत्म किए जाने के बाद यह सदन की अब तक की सर्वोच्च संख्या है। दुनिया भर के सदनों की तुलना में हाउस ऑफ लॉर्ड्स दूसरा सबसे बड़ा सदन है। इससे बड़ा सदन चीन का नेशनल पीपुल्स कांग्रेस है। नए सदस्यों की संख्या के साथ हाउस ऑफ लॉर्ड्स के विशाल आकार का मुद्दा फिर उठने की संभावना है। यहां सदस्यों की सेवानिवृत्ति का कोई निश्चित प्रावधान नहीं हैं।