कश्मीर मुद्दे के हल के लिए पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मांगी मदद
पाकिस्तान ने एक बार फिर कश्मीर मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद मांगी है।
इस्लामाबाद, प्रेट्र। पाकिस्तान ने एक बार फिर कश्मीर मुद्दे का अंतरराष्ट्रीयकरण करने का प्रयास किया है। अमेरिका स्थित पाकिस्तानी राजदूत जलील अब्बास जिलानी ने विश्व समुदाय से भारत और पाकिस्तान के बीच काफी समय से लंबित कश्मीर विवाद के हल में मदद मांगी है।
पाक राजदूत ने कहा कि इस विवाद से दक्षिण एशिया में परमाणु युद्ध का खतरा है और इसे कमतर नहीं आंकना चाहिए।
फांसी की सजा के लिए पाक सुप्रीम कोर्ट ने भारत के फैसले का दिया हवाला
पाकिस्तान की न्यूज एजेंसी के मुताबिक, जिलानी ने कहा कि भारत बातचीत के लिए कूटनीतिक प्रयासों को कमजोर कर रहा है। उसने सार्क सम्मेलन में भी शामिल होने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि लंबित विवादों खासकर कश्मीर विवाद के हल के बिना दक्षिण एशिया में शांति और स्थिरता संभव नहीं है। इसलिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय और खासकर अमेरिका कश्मीर विवाद के शांतिपूर्ण हल में भूमिका निभाएं। जिलानी वाशिंगटन स्थित थिंकटैंक वर्ल्ड अफेयर्स काउंसिल को संबोधित कर रहे थे।