भारत के मैप बिल के खिलाफ पाक ने संयुक्त राष्ट्र में लगाई गुहार
भारत के प्रस्तावित मैप बिल के खिलाफ पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र में विरोध करते हुए इसे तथ्यात्मक तौर पर गलत और अस्वीकार्य बताया है।
संयुक्त राष्ट्र, प्रेट्र : पाकिस्तान ने भारत के प्रस्तावित मैप बिल के विरोध में संयुक्त राष्ट्र में गुहार लगाई है। उसने बिल में जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न हिस्सा बताए जाने को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव का उल्लंघन बताया है। उसने कहा कि यह तथ्यात्मक रूप से गलत और अस्वीकार्य है।
पाकिस्तान ने पिछले सप्ताह मसौदा बिल में कश्मीर को लेकर संयुक्त राष्ट्र से हस्तक्षेप करने की मांग की। इस संबंध में संरा में पाकिस्तान की राजदूत मलीहा लोधी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून को पत्र लिखा है। संयुक्त राष्ट्र ने यह पत्र मंगलवार को मीडिया को जारी किया।
ये भी पढ़ें- 'जम्मू-कश्मीर भारत का अखंड हिस्सा, पाक को बोलने का अधिकार नहीं'
पत्र में लोधी ने भारत के जिओस्पेशियल इंफॉर्मेशन रेगुलेशन बिल 2016 का उल्लेख किया और इसको लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारत जम्मू-कश्मीर के विवादास्पद क्षेत्र को अपने नक्शे में दिखा रहा है जो तथ्यात्मक रूप से गलत है। दुख की बात है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय और संयुक्त राष्ट्र ने भारत की इस कार्रवाई पर नोटिस नहीं लिया। भारत ने मैप बिल पर संरा हस्तक्षेप की मांग पर सख्त प्रतिक्रिया जताते हुए इसे पूरी तरह आंतरिक विधायी मामला बताया है।