कयानी बोले, अगले महीने हो जाऊंगा रिटायर
जनरल परवेज अशफाक कयानी ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख के रूप में अपने कार्यकाल के विस्तार की अफवाहों पर रविवार को विराम लगा दिया। उन्होंने कहा कि वह 2
इस्लामाबाद। जनरल परवेज अशफाक कयानी ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख के रूप में अपने कार्यकाल के विस्तार की अफवाहों पर रविवार को विराम लगा दिया। उन्होंने कहा कि वह 29 नवंबर को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। कयानी 2007 से पाक सेना प्रमुख हैं।
पढ़ें: पाकिस्तान में सबसे बड़ा सवाल, कयानी के बाद कौन?
कयानी ने कहा कि उनका कार्यकाल ऐसे वक्त पर पूरा हो रहा है जब लोग नई सरकार चुन चुके हैं और देश में संवैधानिक सत्ता स्थापित है। पाकिस्तान की सेना देश में संवैधानिक ढांचे को पूर्ण समर्थन देती है। साथ ही इसे और सुदृढ़ बनाना चाहती है। हाल में आई मीडिया रपटों में कहा गया था कि कयानी अपने कार्यकाल का एक और विस्तार चाहते हैं और उन्हें तीनों सेनाओं की संयुक्त कमान का नया प्रमुख बनाया जा सकता है। हालांकि यह महज एक औपचारिक पद है। कयानी को 2007 में पूर्व राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ ने सेना प्रमुख बनाया था। 2010 में तत्कालीन प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने उनके कार्यकाल को तीन वर्ष के लिए बढ़ा दिया।
कयानी के बाद पाक सेना प्रमुख पद के लिए लेफ्टिनेंट जनरल हारून असलम का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। वरिष्ठता के हिसाब से कयानी के बाद उन्हीं का नंबर है। वह 2009 में स्वात घाटी में तालिबान विरोधी अभियान की सफलतापूर्वक अगुआई कर चुके हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर