पूर्व दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा शुरू
पुलिस जब पार्क को सियोल कोर्ट लेकर पहुंची तो उनकी नजरें झुकी थीं और हाथों में हथकड़ी थी। कोर्ट रूम में पहुंचने पर उनकी हथकड़ी खोल दी गई।
सियोल, एपी। दक्षिण कोरिया की पूर्व राष्ट्रपति पार्क ग्यून हेई के खिलाफ मंगलवार से भ्रष्टाचार के मामले की सुनवाई शुरू हो गई। वह हथकड़ी में कोर्ट लाई गई। उन्होंने रिश्वत लेने और सरकारी गोपनीय जानकारी लीक करने के आरोपों से इन्कार किया है। दोषी पाए जाने पर उन्हें उम्रकैद हो सकती है।
पुलिस जब पार्क को सियोल कोर्ट लेकर पहुंची तो उनकी नजरें झुकी थीं और हाथों में हथकड़ी थी। कोर्ट रूम में पहुंचने पर उनकी हथकड़ी खोल दी गई। उन्हें तीन सदस्यीय जजों की पीठ के समक्ष पेश किया गया। 65 वर्षीय पार्क के खिलाफ संसद में महाभियोग पारित होने के बाद दस मार्च को संवैधानिक अदालत ने उन्हें राष्ट्रपति पद से हटाने का फैसला सुनाया था। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। जब जज किम से-यून ने पार्क से पूछा कि आपका पेशा क्या है? तो जवाब में उन्होंने कहा, 'मेरा कोई पेशा नहीं है।'
पार्क के पास ही उनकी चार दशक से विश्वस्त सहेली और भ्रष्टाचार मामले के केंद्र में रही चोई सुन सिल भी बैठी थी। इसके बावजूद दोनों ने एक-दूसरे से नजरें नहीं मिलाई। जब चोई से उनके पते और पेशे के बारे में पूछा गया तो वह सुबकने लगी।
यह भी पढ़ें: पाक के अमेरिकी अनुदान को लोन में बदलने का ट्रंप प्रशासन का प्रस्ताव