इस वर्ष ज्यादा भारतीय जा सकते हैं अमेरिका
इस वर्ष अपेक्षाकृत ज्यादा भारतीय पर्यटन के लिए अमेरिका जा सकते हैं। ऐसे लोगों की तादाद में 42 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है। संख्या के लिहाज से 2014 के मुकाबले 2015 में 4 लाख से अधिक भारतीय अमेरिका की यात्रा पर जा सकते हैं। अमेरिकी वाणिज्य विभाग द्वारा
वाशिंगटन। इस वर्ष अपेक्षाकृत ज्यादा भारतीय पर्यटन के लिए अमेरिका जा सकते हैं। ऐसे लोगों की तादाद में 42 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है। संख्या के लिहाज से 2014 के मुकाबले 2015 में 4 लाख से अधिक भारतीय अमेरिका की यात्रा पर जा सकते हैं। अमेरिकी वाणिज्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट में यह उम्मीद जताई गई है। कहा गया है कि अमेरिका में एक रात से अधिक ठहरने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या इस साल बढ़कर 7.76 करोड़ हो जाएगी, जो 2014 में कुल पर्यटकों के मुकाबले 3.6 प्रतिशत से अधिक होगी।
हालांकि रिपोर्ट में कहा गया कि अमेरिका की यात्रा पर जाने वाले चीन के पर्यटकों की संख्या में वैश्विक स्तर पर सबसे अधिक 163 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है। इसके बाद कोलंबिया (54 प्रतिशत) और भारत (42 प्रतिशत) का स्थान होगा। रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका प्रमुख पर्यटन गंतव्य बना हुआ है और 2020 तक यहां आने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ती ही रहेगी।
एक समारोह में इस रिपोर्ट को जारी करने के दौरान वाणिज्य मंत्री पेनी प्रिजकर ने कहा कि हम चाहते हैं कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटक अमेरिका को देखें और हम उनका स्वागत करते हैं। हमारे देश में पर्यटकों ने पिछले साल यात्रा उत्पादों एवं सेवाओं पर रिकार्ड 221 अरब डॉलर खर्च किए, जिससे अमेरिका में कुल 11 लाख लोगों को रोजगार मिला।