नोबेल विजेता गणितज्ञ जॉन नैश की दुर्घटना में मौत
नोबेल पुरस्कार विजेता और गणितज्ञ जॉन फोर्ब्स नैश की अमेरिका के न्यू जर्सी में एक कार हादसे में मौत हो गई है। कार में उनके साथ सफर कर रहीं उनकी पत्नी एलिसिया (82) की भी जान चली गई है। जॉन नैश 86 साल के थे। उनकी अर्थशास्त्र की "गेम थ्योरी"
न्यूजर्सी। नोबेल पुरस्कार विजेता और गणितज्ञ जॉन फोर्ब्स नैश की अमेरिका के न्यू जर्सी में एक कार हादसे में मौत हो गई है। कार में उनके साथ सफर कर रहीं उनकी पत्नी एलिसिया (82) की भी जान चली गई है। जॉन नैश 86 साल के थे। उनकी अर्थशास्त्र की "गेम थ्योरी" के लिए वर्ष 1994 में उन्हें नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वे प्रिंसटन जंक्शन में रहते थे। एबीसी न्यूज ने यह जानकारी दी है।
न्यूयॉर्क पुलिस के हवाले से "द नेटवर्क" ने कहा है कि नैश दंपत्ति एक टैक्सी में सफर कर रहे थे। अचानक टैक्सी ड्राइवर ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण कार रेल से टकरा गई और हादसे में नैश और उनकी पत्नी की मौत हो गई।
मूल रूप से पश्चिम वर्जीनिया के रहने वाले नैश की जिंदगी पर एक मशहूर फिल्म "ए ब्यूटीफुल माइंड" बनी थी। साल 2002 में बनी इस फिल्म ने भी चार श्रेणियों में ऑस्कर पुरस्कार जीता था। फिल्म में हॉलीवुड के मशहूर कलाकार रसेल क्रो ने उनका किरदार निभाया था। नैश की मृत्यु पर उन्होंने ट्वीट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने लिखा, "नैश और उनकी पत्नी एलिसिया की मौत की खबर से स्तब्ध हूं। ब्यूटीफुल माइंड्स, ब्यूटीफुल हर्ट्स के बीच एक अद्भुत साझेदारी।"
"ए ब्यूटीफुल माइंड" फिल्म में गणित में नैश की उपलब्धियों और उनकी दिमागी बीमारी पैरानॉइड सिजोफ्रेनिया (एक प्रकार का पागलपन) को दिखाया गया था। पैरानॉइड सिजोफ्रेनिया में मरीज की ऐसी अवस्था होती है, जिसमें वह सच्चाई और अपनी खुद की बनाई दुनिया के बीच अंतर नहीं जान पाता है। हर मरीज को अलग-अलग किस्म के अनुभव और कल्पनाएं होती हैं।