शाही परिवार में कोई राजा या रानी नहीं बनना चाहता
ब्रिटेन के प्रिंस हैरी ने कहा, लोगों के लिए निभाते हैं जिम्मेदारी...
लंदन, रायटर। ब्रिटेन के शाही परिवार में कोई भी महाराजा या महारानी नहीं बनना चाहता है। यह कहना है प्रिंस हैरी का। 32 वर्षीय हैरी ब्रिटिश सिंहासन के पांचवें नंबर के दावेदार हैं। अमेरिकी पत्रिका न्यूजवीक से साक्षात्कार में प्रिंस हैरी ने खुलकर अपनी बातें रखीं। हैरी ने कहा, 'हम यह अपने लिए नहीं करते, लोगों के लिए करते हैं। क्या शाही परिवार में कोई है जो राजा या रानी बनना चाहता है?
मेरे खयाल से कोई नहीं, लेकिन हम अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। राजतंत्र अच्छाई के लिए एक ताकत है। हम इसके जादू को कम नहीं करना चाहते। ब्रिटिश जनता और संपूर्ण विश्व को इसकी जरूरत है।' प्रिंस हैरी ने 20 साल पहले के उस वाकये को भी याद किया जब उन्हें अपनी मां राजकुमारी डायना की शवयात्रा में जबरन शामिल होना पड़ा था। उन्होंने कहा, 'मेरी मां की मौत हुई थी और मुझे शवयात्रा पीछे हजारों लोगों की भीड़ में चलना पड़ रहा था। हजारों लोग वहां प्रत्यक्ष और करोड़ों लोग टीवी पर मुझे देख रहे थे।
मुझे नहीं लगता कि कोई भी बच्चा, किसी भी परिस्थिति में ऐसा चाहेगा।' अमेरिकी अभिनेत्री मेगन मर्केल से प्रेम संबंधों में चल रहे प्रिंस हैरी ने हाल ही में उनकी निजी जिंदगी में झांकने पर मीडिया की आलोचना की थी। हैरी ने कहा कि दुनियाभर का ध्यान आकर्षित करने की बजाय उन्होंने आम आदमी की तरह जीने की कोशिश की। वह राजा बनने पर भी अपने लिए खुद खरीदारी करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'कई बार मुझे लगता है कि मैं सोने के बर्तन में कैद मछली हूं। हालांकि अब मैंने सामंजस्य बिठाना सीख लिया है।'