मानसिक बीमारियों से निपटने में सक्षम नया एप
अमेरिकी वैज्ञानिकों ने ऐसा स्मार्टफोन एप विकसित किया है, जिससे मानसिक रोगों पर नजर रखी जा सकेगी।
न्यूयॉर्क, आइएएनएस : मानसिक बीमारियों से अब आसानी से निपटा जा सकेगा। अमेरिकी वैज्ञानिकों ने ऐसा स्मार्टफोन एप विकसित किया है, जिससे मानसिक रोगों पर नजर रखी जा सकेगी। इससे समय रहते बीमारियों को नियंत्रित किया जा सकेगा।
शोधकर्ताओं ने एप के दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले अधेड़ और बड़ी उम्र के लोगों के लिए ज्यादा फायदेमंद साबित होने की उम्मीद जताई है। विशेषज्ञों ने बताया कि पहले स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले गंभीर मानसिक बीमारी से ग्रसित लोगों की तकनीकी जरूरतों का पता लगाया गया और उसके मुताबिक एप विकसित किया गया। इस एप के जरिये मरीजों को तीन महीने में दस सत्रों से गुजरना होता है।
इसमें तनाव और बीमारी के खतरों, दवाओं के इस्तेमाल का तरीका, दवाओं के दुरुपयोग आदि के बारे में जानकारी जुटाई जाती है। इस एप को तीसरे पक्ष द्वारा नियंत्रित किया जाता है। किसी भी तरह की समस्या आने पर टेलीमेडिसिन के जरिये इलाज मुहैया कराया जाता है। यह एप भारत जैसे विकासशील देशों के लिए ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकता है, जहां स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्त नहीं हैं।