एवरेस्ट पर शिविर की सफाई करें पर्वतारोही : नेपाल
इस हिमालयी देश के आय का मुख्य स्त्रोत पर्यटन और पर्वतारोहण है।
काठमांडू, रायटर। नेपाल ने दुनिया के सबसे ऊंचे माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने वाले पर्वतारोहियों से एक शिविर की सफाई में मदद का आग्रह किया है। दो साल पहले हिमस्खलन में इस शिविर में 18 लोग मारे गए थे। तब से यह शिविर खाली पड़ा है।
इस हिमालयी देश के आय का मुख्य स्त्रोत पर्यटन और पर्वतारोहण है। साल 2015 में आए विनाशकारी भूकंप में इस पर बुरा प्रभाव पड़ा था। भूकंप में करीब नौ हजार लोग मारे गए थे। अब फिर से उसका यह कारोबार जोर पकड़ने लगा है।
पर्यटन विभाग के अधिकारी दुर्गा दत्त ढकाल ने बताया कि पर्वतारोहियों के लिए 80 किलो की क्षमता वाले दस बैग शिविर संख्या दो पर पहुंचाए जाने हैं। इस तरीके से बिना खर्च वहां से कचरा लाने में मदद मिल सकती है। यह शिविर समुद्र तल से 6,400 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। हालांकि पिछले साल इस जगह से पर्वतारोही 16 टन कचरा हटा चुके हैं, लेकिन यह पता नहीं चल पा रहा है कि अभी कितना कचरा बचा है।