अपनी पहचान उजागर करेगा लादेन को मारने वाला नेवी सील कमांडो
लादेन को मारने वाला अमेरिकी नेवी सील का पूर्व कमांडो जल्द फाक्स न्यूज चैनल पर अपनी पहचान उजागर करेगा
वाशिंगटन। अल कायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन को जान से मारने वाले अमेरिकी नेवी सील का पूर्व कमांडो जल्द ही फाॅक्स न्यूज पर अपनी पहचान उजागर करेगा। वह अगले महीने एक चैनल पर डॉक्यूमेंट्री में नजर आएगा।
"द मैन हू किल्ड ओसामा बिन लादेन" नाम की दो घंटे की डॉक्यूमेंट्री दो हिस्सों में होगी, जो 11 और 12 नवंबर को प्रसारित की जाएगी। नेवी सील का यह कमांडर साक्षात्कार में अमेरिका के सबसे बेहतरीन सैन्य बल के साथ अपनी ट्रेनिंग की कहानी साझा करेगा। फॉक्स न्यूज की ओर से एक वक्तव्य में बताया गया कि डॉक्यूमेंटी के जरिए नेवी सील वह जानकारियां दुनिया के सामने पेश करेगी, जो आज से पहले उसने कभी साझा नहीं की। इसमें लादेन का सामना करने से लेकर उसके आखिरी सांस लेने तक हर चीज का ब्योरा होगा। आमतौर पर नेवी सील के अभियान चर्चा में नहीं आते और इस इकाई के सदस्यों के नाम गुप्त रखे जाते हैं, चाहे वे सेवा में हो या रिटायर हो चुके हों। 2012 में फॉक्स न्यूज ने सील के एक पूर्व सदस्य मैट बिसोनेट का नाम उजागर किया था, जिसने "नो इजी डे : द फर्स्टहैंड एकाउंट ऑफ द मिशन दैट किल्ड ओसामा बिन लादेन" नामक किताब लिखी थी। लादेन को मई 2011 में पाकिस्तान के एबटाबाद में मार गिराया गया था।