अल्ताफ हुसैन ने चेताया, दुनिया के नक्शे से मिट जाएगा पाकिस्तान
अल्ताफ रोष व्यक्त किया कि पाकिस्तान ने आतंकी गतिविधियों पर लगाम लगाने के नाम पर बलूचिस्तान में चलाए गए ऑपरेशन में हजारों बलोच लोगों को मार दिया।
वाशिंगटन, प्रेट्र। पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट के प्रमुख अल्ताफ हुसैन ने कहा कि अगर सेना मोहाजिर व बलोच नागरिकों के अधिकारों का हनन करती रही तो दुनिया के नक्शे से पाकिस्तान का नाम मिट जाएगा। हुसैन वीडियो के जरिये अपने समर्थकों से मुखातिब थे।
उन्होंने रोष व्यक्त किया कि पाकिस्तान ने आतंकी गतिविधियों पर लगाम लगाने के नाम पर बलूचिस्तान में चलाए गए ऑपरेशन में हजारों बलोच लोगों को मार दिया। वहीं सिंधी, पश्तून व पंजाबी भूमिपतियों ने निजी हित साधने को सेना के समक्ष समर्पण कर दिया। एमक्यूएम नेता ने सेना को कराची व बलूचिस्तान में तत्काल अपना ऑपरेशन बंद करने को कहा। उन्होंने सुझाव दिया कि सेना मोहाजिर व बलूच नेताओं से बात कर उनकी शिकायतों का निपटारा करे।
हुसैन ने सेना व खुफिया एजेंसी आइएसआइ पर फिर आरोप मढ़ा कि दोनों इस्लामिक आतंकियों को संरक्षण देते हैं। ये ही तत्व पड़ोसी देशों के साथ छद्म युद्ध लड़ रहे हैं। पाकिस्तान के असली दुश्मन सेना व आइएसआइ हैं। दोनों खतरनाक आतंकियों को प्रश्रय दे रहे हैं। आइएसएस की छत्रछाया में सेना मुख्यालय के पास सालों तक अलकायदा सरगना ओसामा बिन लादेन रहा। पाकिस्तान के चौथे सबसे बड़े राजनीतिक दल के नेता हुसैन लंदन में लंबे समय से स्व निर्वासित जीवन जी रहे हैं।
यह भी पढ़ें: MQM नेता अल्ताफ हुसैन की मांग, मोदी उठाएं पाकिस्तानी मुहाजिरों की आवाज