आस्ट्रेलिया में आठ बच्चों की हत्या में मां गिरफ्तार
ऑस्ट्रेलिया के केर्न्स शहर में शुक्रवार को बच्चों की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में संदेह के आधार पर उनकी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के केर्न्स शहर में शुक्रवार को बच्चों की चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में संदेह के आधार पर उनकी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मारे गए बच्चों में सात इस महिला के थे, जबकि आठवीं बच्ची उसकी भतीजी थी। महिला को भी घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हत्या की वजह अभी पता नहीं चल सकी है। पुलिस ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू घर से बरामद कर लिया गया है। 37 वर्षीय महिला अस्पताल में पुलिस की निगरानी में है। उस पर फिलहाल कोई मामला तय नहीं किया गया है। मारे गए सभी बच्चों की उम्र 18 महीने से 15 साल के बीच थी।
डिटेक्टिव इंस्पेक्टर ब्रूनो स्नीकर ने कहा कि महिला होश में है और बात कर रही है। इस मामले में अब हम किसी और शख्स की तलाश नहीं कर रहे हैं। महिला का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। मारे गए बच्चों में दो, 11, 12 व 14 साल की चार लड़कियां शामिल थी।
बाकी के चार लड़कों की उम्र पांच, छह, आठ व नौ साल थी। शुक्रवार को बच्चों की याद में कैंडल मार्च भी निकाला गया था। सिडनी में बंधक संकट के दो दिन बाद हुई इस घटना से पूरा देश सदमे में है। प्रधानमंत्री टोनी एबॉट ने बयान जारी करते हुए इसे दुखद घटना बताया था।