लापता भारतीय पर्वतारोही परेश का एवरेस्ट पर शव मिला
लापता भारतीय पर्वतारोही का परेश चंद्र नाथ का शव का शुक्रवार को माउंट एवरेस्ट पर मिला है।
काठमांडू, प्रेट्र। 21 मई से लापता एक भारतीय पर्वतारोही का शव शुक्रवार को माउंट एवरेस्ट पर मिला। एवरेस्ट अभियान के प्रबंध निदेशक वांगचू शेरपा ने बताया कि 58 वर्षीय परेश चंद्र नाथ का शव कैंप चार के ऊपर पाया गया। उनके साथ ही लापता हुए एक अन्य भारतीय पर्वतारोही गौतम घोष का शव भी आठ हजार मीटर की ऊंचाई पर देखा गया है। हालांकि खराब मौसम के कारण शेरपा उनका शव आधार शिविर तक लाने में सफल नहीं हो पाए हैं।
वांगचू ने बताया कि नाथ का शव शिविर दो तक लाया जा चुका है। वांगचू लापता पर्वतारोहियों की तलाश के लिए बनाई गई छह शेरपाओं की टीम का भी नेतृत्व भी कर रहे हैं। नाथ और घोष का बीते सप्ताह शनिवार को अपनी टीम से उस समय संपर्क टूट गया था जब वे चोटी के करीब थे। इस टीम के एक सदस्य की मौत भी हो गई थी।
विनाशकारी भूकंप और हिमस्खलन से दो साल तक प्रभावित रहने के बाद इस मौसम में करीब चार सौ पर्वतारोही दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ने में सफल रहे हैं। इस अभियान के दौरान पांच पर्वतारोहियों की मौत हो गई। इनमें दो भारतीय के अलावा एक-एक हॉलैंड, ऑस्ट्रेलिया और नेपाल के नागरिक थे।