बेटों के साथ मारा गया लश्कर-ए-झांगवी का मुखिया
पाकिस्तान की पुलिस ने प्रतिबंधित आतंकी समूह लश्कर-ए-झांगवी के प्रमुख मलिक इशाक को मार गिराया है। पंजाब प्रांत के मुजफ्फरगढ़ में मंगलवार की रात वह मुठभेड़ में मारा गया।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की पुलिस ने प्रतिबंधित आतंकी समूह लश्कर-ए-झांगवी के प्रमुख मलिक इशाक को मार गिराया है। पंजाब प्रांत के मुजफ्फरगढ़ में मंगलवार की रात वह मुठभेड़ में मारा गया। इशाक के दो बेटों उस्मान और हक नवाज के अलावा 11 अन्य आतंकी भी इस कार्रवाई में मारे गए। दो घंटे से ज्यादा समय तक चली मुठभेड़ में छह पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
इशाक और उसके बेटों पर अल्पसंख्यक शिया के खिलाफ दर्जनों साजिश रचने का आरोप था। 2013 में इस संगठन ने दो आत्मघाती हमले किए थे जिसमें 180 लोगों की मौत हो गई थी। इशाक के इशारे पर ही 2009 में श्रीलंकाई क्रिकेटरों पर लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम के पास हमला हुआ था। इस हमले में छह खिलाड़ी घायल हो गए थे और छह पुलिसकर्मी सहित आठ की मौत हो गई थी।
आतंकरोधी विभाग ने इशाक और उसके बेटों को पिछले सप्ताह ही गिरफ्तार किया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हथियारों की बरामदगी के लिए इनलोगों को मुजफ्फरगढ़ के शहवाला ले जाया गया था। वहां से लौटते लश्कर-ए-झांगवी के आतंकियों ने पुलिस काफिले पर हमला किया। साथियों को छुड़ाने के बाद आतंकी बाइक से फरार हो गए। अधिकारी ने बताया कि जिस सड़क से आतंकी भागे थे, उसी सड़क से गुजर रहे आतंकरोधी विभाग के अधिकारी को घटना की सूचना दी गई। इसके बाद दोनों पक्षों में भारी गोलीबारी हुई जिसमें 14 आतंकी मारे गए।