नेपाल में भूस्खलन से 25 जिंदा दफन
भूकंप से तबाह नेपाल के दो पश्चिमी जिलों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन से गुरुवार को 25 लोगों की मौत हो गई। इनमें 13 महिलाएं हैं। 36 लोग लापता हैं। दो गांव पूरी तरह तबाह हो गए हैं।
काठमांडू। भूकंप से तबाह नेपाल के दो पश्चिमी जिलों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन से गुरुवार को 25 लोगों की मौत हो गई। इनमें 13 महिलाएं हैं। 36 लोग लापता हैं। दो गांव पूरी तरह तबाह हो गए हैं। नेपाल में मॉनसून के दौरान बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं के चलते हर साल कई लोग मारे जाते हैं। गौरतलब है कि इसी साल अप्रैल में आए विनाशकारी भूकंप में करीब नौ हजार लोगों की मौत हो गई थी। अभी भी बड़ी संख्या में लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं।
नुकसान
-काठमांडू से 250 किमी दूर चर्चित पर्यटन स्थल पोखरा के पास कास्की जिला में 19 लोगों की मौत हो गई।
-जिले के भदौरे गांव में दो महिलाओं सहित पांच की मौत हो गई।
-काठमांडू से 350 किमी दूर म्याग्दी जिला के मुना और मुदुनी गांव में एक बच्चे की मौत हो गई।
-पोखरा-बागलुंग राजमार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया है। दो पुल बह गए हैं।
बचाव
सेना और पुलिस को राहत और बचाव के काम में लगाया गया है। हेलिकॉप्टर की मदद से भी प्रभावित इलाकों तक राहत पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि खराब मौसम के कारण इसमें बाधा आ रही है।