काबुल में महिला को जिंदा फूंकने वालों को मौत की सजा
अफगानिस्तान की अदालत ने राजधानी काबुल में भीड़ द्वारा महिला को जिंदा फूंकने के मामले में चार लोगों को मौत की सजा सुनाई है। आठ अन्य को 16-16 साल की सजा हुई है। कथित तौर कुरान जलाने के आरोप में भीड़ ने महिला को मौत के घाट उतार दिया था।
काबुल। अफगानिस्तान की अदालत ने राजधानी काबुल में भीड़ द्वारा महिला को जिंदा फूंकने के मामले में चार लोगों को मौत की सजा सुनाई है। आठ अन्य को 16-16 साल की सजा हुई है। कथित तौर कुरान जलाने के आरोप में भीड़ ने महिला को मौत के घाट उतार दिया था।
दुनियाभर में सुर्खियों में रहे इस मामले में जज सैफुल्लाह मोजादीदी ने बुधवार को अपना फैसला सुनाया। आठ अन्य लोगों को 16 साल की सजा सुनाई गई। कोर्ट ने साक्ष्य के अभाव में 18 लोगों को बरी कर दिया। इस मामले में 19 पुलिसकर्मियों समेत 49 लोगों के खिलाफ मुकदमा चलाया गया। पुलिसवालों पर महिला को भीड़ के हमले से नहीं बचाने का आरोप है। बाकी बचे आरोपियों को रविवार को सजा सुनाई जाएगी।
अदालत ने पांच दिनों की सुनवाई के दौरान मोबाइल फोन की फुटेज दिखाने के बाद कोर्ट ने चार लोगों को दोषी पाया और उन्हें मृत्युदंड की सजा दी। इस मामले में कुछ लोग सोशल मीडिया पर डाले गए फुटेज के बाद गिरफ्तार किए गए।
यह घटना 19 मार्च की है। काबुल में सड़क पर सरेआम एक 27 वर्षीय महिला फरखुंदा को भीड़ ने बुरी तरह पीटने के बाद जिंदा फूंक दिया था। इस घटना के बाद दोषियों को सजा दिलाने के लिए पूरे देश प्रदर्शन हुए। लोगों ने महिलाओं की सुरक्षा और समानता के अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की।
पढ़ें: अफगानिस्तान में जमीन धंसने से 50 से ज्यादा लोगों की मौत