ISIS ने मोसुल में 50 हजार लोगों को बनाया बंधक, सैकड़ों लोगों की हत्या
इससे एक दिन पहले संयुक्त राष्ट्र ने मोसुल की लड़ाई में करीब नौ सौ आतंकियों के मारे जाने की जानकारी दी थी।
जेनेवा, रायटर/एएफपी। अपने इराकी गढ़ मोसुल को बचाने के लिए आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आइएस) ने करीब 50 हजार लोगों को अगवा कर लिया है। इनमें महिलाएं और बच्चे भी हैं। सेना को रोकने के लिए आतंकी ढाल के तौर पर इनका इस्तेमाल कर सकते हैं। इस हफ्ते आतंकियों ने 190 पूर्व सैनिकों सहित 232 लोगों की हत्या भी की है।
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय की प्रवक्ता रवीना शमदासानी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानव ढाल बनाने के लिए मोसुल में आतंकियों द्वारा आठ हजार परिवारों को बंधक बनाने की विश्वसनीय सूचनाएं है। यदि हर परिवार में औसतन छह सदस्य भी हों तो अगवा किए गए लोगों की संख्या का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस इराकी शहर में अभी भी करीब 15 लाख लोग रह रहे हैं।
इससे एक दिन पहले संयुक्त राष्ट्र ने मोसुल की लड़ाई में करीब नौ सौ आतंकियों के मारे जाने की जानकारी दी थी। यहां से आइएस को खदेड़ने का अभियान इराकी सेना ने 17 अक्टूबर को शुरू किया था। कुर्द और कबायली लड़ाके भी इनके साथ हैं। अमेरिकी गठबंधन हवाई हमलों से इनकी मदद कर रहा है। आसपास के गांवों से आतंकियों को खदेड़ते हुए सेना मोसुल के बेहद करीब पहंुच चुकी है। अमेरिकी सेना के अनुसार अब तक 40 गांव आतंकियों के चंगुल से मुक्त कराए गए हैं। इस बीच, कुर्द लड़ाकों ने पश्चिमी दिशा से मोसुल में आइएस ठिकानों पर हमले की तैयारी शुरू कर दी है।
पढ़ें- जासूसी मामले में पाक उच्चायोग में तैनात ISI का एक और एजेंट गिरफ्तार