एमएच-370 के संभावित हिस्से की जांच से पहले विशेषज्ञों ने की चर्चा
छह दिन पहले हिंद महासागर के ला रियूनियन द्वीप पर मिले बोइंग 777 विमान के मलबे की जांच से पहले सोमवार को मलेशिया और फ्रांस के उड्डयन विशेषज्ञ पेरिस में मिले। जांच के काम में समन्वय के लिए न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी में बैठक हुई। माना जा रहा है कि
पेरिस। छह दिन पहले हिंद महासागर के ला रियूनियन द्वीप पर मिले बोइंग 777 विमान के मलबे की जांच से पहले सोमवार को मलेशिया और फ्रांस के उड्डयन विशेषज्ञ पेरिस में मिले। जांच के काम में समन्वय के लिए न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी में बैठक हुई। माना जा रहा है कि मलबा पिछले साल आठ मार्च को लापता हुए मलेशियाई बोइंग विमान एमएच-370 का हिस्सा है। इस विमान में पांच भारतीय सहित 239 लोग सवार थे।
द्वीप पर मिले करीब दो मीटर लंबे मलबे की जांच बुधवार को दक्षिणी-पश्चिमी फ्रांसीसी शहर टॉलॉज की सैन्य प्रयोगशाला में होगी। यह प्रयोगशाला विमान दुर्घटनाओं की जांच में विशेषज्ञता रखती है। इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोप के जरिए मलबे का विश्लेषण किया जाएगा। जांच में सहयोग के लिए विमान निर्माता कंपनी बोइंग ने भी एक दल भेजा है। नतीजे बुधवार दोपहर तक आ सकते हैं।
इससे पहले रविवार को रियूनियन पर व्यापक खोज के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय लोगों को मिला धात्विक मलबा विमान का हिस्सा नहीं है। हालांकि मलेशियाई अधिकारी अब भी दावा कर रहे हैं कि यह बोइंग 777 का ही हिस्सा है।