इंडोनेशिया में मिलिट्री प्लेन क्रैश, अब तक 141 की मौत
इंडोनेशिया में हुए एयरफोर्स विमान हादसे में इसमें सवार सभी 141 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।
जकार्ता। इंडोनेशियाई वायुसेना का परिवहन विमान "हरक्युलिस सी-130" मंगलवार को उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस कारण विमान में आग लग गई और वह मेदान शहर के रिहायशी इलाके में गिर गया। उसमें जोरदार धमाका हुआ और आग के गोले निकलने लगे। हादसे में कम से कम 141 लोगों की मौत हुई है। विमान गिरने से कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और कारों में आग लग गईं। सुमात्रा द्वीप स्थित मेदान शहर की आबादी करीब 20 लाख है।
हादसे पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विदोदो ने दुख प्रकट किया है। उन्होंने ट्वीट किया, "संकट की इस घड़ी में हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति मिले।" इंडोनेशियाई वायुसेना के प्रमुख अगुस सुप्रियात्ना ने बताया, 'विमान जब दुर्घटनाग्रस्त हुआ तब उसमें 12 क्रू सदस्यों सहित 113 लोग सवार थे। मुझे नहीं लगता कि कोई बचा है।' उन्होंने कहा, उड़ान भरने के बाद ही पायलट ने एयरबेस लौटने की बात कही थी। संभवतः उसके इंजन में खराबी थी। हालांकि उन्होंने स्वीकारा कि विमान बहुत अच्छी स्थिति में नहीं था। मेदान एयरबेस के प्रवक्ता ने बताया कि विमान में अधिकतर सैनिकों के परिजन और महिलाएं थीं।
विमान ने स्थानीय समयानुसार दोपहर 12:08 बजे उड़ान भरी थी। स्थानीय टेलीविजनों में कई घरों व होटलों से आग और धुआं निकलते हुए दिखाया गया है। स्थानीय खोज व राहत एजेंसी का कहना है कि 51 साल पुराना विमान नए बसे रिहायशी इलाके के पास एक मसाज पार्लर और छोटे होटल पर गिरा। इसमें भी तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने दुर्घटनास्थल को चारों ओर से घेर दिया है। समाचार लिखे जाने तक राहत व बचाव कार्य जारी था। दुर्घटना से स्थानीय निवासी खबराए हुए हैं। इन्हीं में से एक इंटरनेशनल स्कूल में काम करने वालीं नोवी ने बताया कि विमान काफी कम ऊंचाई पर उड़ रहा था। यह बहुत भयावह था। अन्य निवासी जानुअर (26) ने कहा, दुर्घटना से पहले ही दिख रहा था कि विमान में कुछ खराबी है। मैंने देखा कि विमान हवा में डगमगा रहा है, फिर उसमें से आग निकलने लगी।